बेगम खालिदा जिया के स्वास्थ्य में सुधार, जल्द लंदन से बांग्लादेश लौटने के आसार
लंदन, 04 मार्च । बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया लंदन से जल्द ही बांग्लादेश लौट सकती हैं। उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ है। बेगम खालिदा जिया फिलहाल लंदन में रह रहे अपने बेटे तारिक रहमान के आवास पर इलाज करवा रही हैं।
ढाका ट्रिब्यून की खबर के अनुसार बेगम खालिदा जिया के चिकित्सक और बीएनपी स्थायी समिति के सदस्य डॉ. एजेडएम जाहिद हुसैन ने यह टिप्पणी सोमवार को लंदन में जिया परिषद यूके की इफ्तार पार्टी के बाद पत्रकारों से बातचीत में की। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही बांग्लादेश लौट सकती हैं। उनकी शारीरिक स्थिति स्थिर है। डॉक्टर घर पर नियमित रूप से उनसे मिलते हैं और उनके स्वास्थ्य पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि शारीरिक उपचार के अलावा लगभग सात वर्ष बाद अपने परिवार के सदस्यों के साथ रहने के बाद बेगम जिया के मानसिक स्वास्थ्य में काफी सुधार हुआ है। उनकी मानसिक शांति उनके शारीरिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव डाल रही है। डॉ. जाहिद ने कहा,”मैं यह नहीं कहूंगा कि खालिदा जिया पूरी तरह से ठीक हो गई हैं, लेकिन वह अब पहले से काफी बेहतर हैं।”
