उज्जैन: महाकाल मंदिर में ओह माय गॉड की शूटिंग के चलते व्यवस्थाएं बिगड़ी

0

बाबा महाकाल के भोग की थाली रोकी, वरिष्ठ अधिकारियों के कहने पर जाने दिया



उज्जैन, 25 अक्टूबर (हि.स.)।अक्षय कुमार की फिल्म ओह माय गॉड भाग-2 की शूटिंग महाकाल मंदिर में चल रही है। शूटिंग को लेकर व्यवस्था में लगे प्रायवेट सुरक्षाकर्मी और बाउंसर की मनमानी के चलते लगातार दूसरे दिन रविवार को आम श्रद्धालु परेशान होते रहे। मंदिर प्रबंध समिति के जिम्मेदार हर बात को नकार रहे हैं लेकिन दर्शन करके बाहर आनेवाले श्रद्धालु बता रहे हैं कि उन्हे कितना परेशान होना पड़ रहा है। हालात यह है कि शनिवार को अन्न क्षेत्र से आनेवाली भगवान के भोग की थाली को रोक दिया गया। जानकारी लगने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और थाली अंदर जा सकी।

अन्न क्षेत्र के कर्मचारियों के अनुसार शनिवार को रोजाना की तरह अन्न क्षेत्र से बाबा महाकाल के भोग की थाली लेकर कर्मचारी निकला तो उसे प्रायवेट सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया और कहाकि हम अंदर नहीं जाने देंगे, शूटिंग चल रही है। इसका विरोध करने पर कोई असर नहीं हुआ तो वरिष्ठ अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पडा, हालांकि इस संबंध में रविवार को चर्चा करने पर सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने कहाकि ऐसा कुछ नहीं हुआ। भगवान के भोग की थाली कौन रोक सकता है?

इधर रविवार को भी श्रद्धालुओं ने आरोप लगाए कि मंदिर में दर्शन करने जाते समय बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ा। हर जगह प्रायवेट सुरक्षाकर्मियों एवं बाउंसरों ने टोकाटोकी की और इधर उधर दौड़ाते रहे। मंदिर समिति के जिम्मेदार इस संबंध में कोई बात न करते हुए इतना ही कह रहे हैं कि शूटिंग अलग जगह चल रही है और दर्शन व्यवस्था अलग है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *