टोक्यो ओलंपिक : भारतीय हॉकी टीम ने अर्जेंटीना को हराया, क्वार्टर फाइनल में किया प्रवेश

0

टोक्यो, 29 जुलाई (हि.स.)।भारतीय हॉकी टीम ने पूल ए के अपने चौथे मैच में अर्जेंटीना को 3-1 पराजित कर दिया है।

दोनों टीमों ने एक दूसरे पर जोरदार हमले किए। पर भारत के खिलाड़ी शुरू से ही चुस्त, जोश से लबरेज और आक्रामक दिखे।

पहले क्वार्टर में कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई। दोनों टीमें एक दूसरे पर हमला करती रही। आखिरी तीन मिनट में भारतीय ने दो गोल किए।

भारत के लिए पहला गोल 43वें मिनट में वरूण ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए किया। अपना पहला ओलंपिक खेल रहे वरूण ने गोल करने में कोई गलती नहीं की और भारतीय टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। लेकिन अर्जेंटीना टीम की तरफ से 48 वें मिनट में माइको केसेला ने गोल कर टीम को बराबरी पर ला दिया।

खेल के आखिरी मिनटों में भारतीय टीम की ओर से विवेक सागर ने 58वें और हरमनप्रीत सिंह ने 59वें मिनट में गोल दागे और स्कोर 3-1 कर दिया और यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ।

भारत अपने पूल में ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे स्थान पर है। भारतीय टीम को 30 जुलाई को अपने आखिरी मैच में जापान से खेलना है।

भारत ने अपने पहले मैच में न्यूजीलैण्ड के खिलाफ 3-2 से जीत दर्ज की थी।

वहीं, स्पेन पर 3-0 से जीत हासिल की पर आस्ट्रेलिया से उसे 7-1 से हार का सामना करना पड़ा।

भारत ने ओलंपिक में आखिरी स्वर्ण 1980 में जीता था। भारत ने कुल 8 स्वर्ण पदक ओलंपिक में जीते हैं। उसकी परंपरागत हॉकी का दुनिया में डंका बजता था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *