अफ़ग़ान-पाक सीमा पर हिंसात्मक झड़प में 15 लोग मारे गए, 80 घायल

0

लॉस एंजेल्स, 01 अगस्त (हि.स.)। अफ़ग़ान-पाक सीमा के कंधार इलाक़े में चमन बार्डर पर गुरुवार को एक अनियंत्रित भीड़ को रोकने के लिए पाकिस्तानी सैन्य बल ने अंधाधुँध गोलियाँ चलाई, जिसमें15 लोगों की मौत हो गयी। इस घटना में 80 लोग घायल भी हुए हैं। अमेरिकी मीडिया के अनुसार मरने वालों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल है।

 

कंधार के गवर्नर हयातुल्ला ने पाकिस्तानी सैन्य बल की ओर से स्पिन बोल्डक आवासीय इलाक़े में मोर्टार और गोले फेंकने की निंदा की है। अफ़ग़ानिस्तान सेना के जनरल यासिन जिया ने अपनी सुरक्षा बलों और जवानों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। इस बीच बलूचिस्तान से अधिकारियों के एक दल ने घटना स्थल का दौरा किया। पाकिस्तान की ओर से कहा जा रहा है कि अफ़ग़ानी लोगों ने राकेट दागे। दोनों के बीच शाम सात बजे से गोलीबारी हुई, जो रात तक चलती रही। चमन सीमा पर तनाव बना हुआ है।

 

अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान के बीच 1500 मील लंबी सीमा रेखा ‘डूरंड लाइन’ है। इसमें अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान के एक बड़े प्रांत बलूचिस्तान के बीच एक हज़ार मील लंबी सीमा पर ‘चमन’ प्रमुख द्वार है। इस चमन द्वार से दोनों देशों के बार्डर के गाँवों के लोग पैदल रोज़गार और व्यापार के लिए प्रतिदिन आते जाते थे।

 

पाकिस्तानी सैन्य बल ने कोरोना संक्रमण के कारण गत अप्रैल महीने से चमन बार्डर द्वार को सील कर दिया था। अफ़ग़ानिस्तान के मज़दूर और व्यापारी हताश निराश थे। पाकिस्तानी सैन्य बल के इस फ़ैसले के विरोध में पिछले कुछ दिनों से सैकड़ों अफ़ग़ानी चमन सीमा पर अड्डा जमाए हुए थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News