नैंसी पेलोसी चुनी गईं अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की सभापति

0

वॉशिंगटन, 03 जनवरी (हि.स.)। डेमोक्रेट नैंसी पेलोसी कांग्रेस के निचले सदन ‘प्रतिनिधि सभा’ में गुरुवार को सभापति पद चुनी गई। सभापति चुने जाने के बाद पेलोसी अमेरिका की राजनीति में तीसरी बड़ी नेता बन जाएंगी।
पेलोसी सन 2007 में एक बार कम समय के लिए प्रतिनिधि सभा की सभापति बन चुकी हैं। कैलिफोर्निया की नैंसी की खूबी यह है कि वह अथक परिश्रमी, वोट और नोट अर्जित करने में माहिर हैं। इसके बावजूद नैंसी के सामने भी चुनौतियां कम नहीं होंगी। उन्हें अपनी ही पार्टी में ‘युवा तुर्क’ चौकड़ी से विभिन्न मुद्दों पर आए दिन जूझना होगा| दूसरी ओर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और रिपब्लिकन पार्टी की ओर से विभिन्न प्रस्तावों का भी बखूबी मुकाबला करना होगा।
नैंसी के सामने पहली और बड़ी चुनौती बारह दिन से प्रशासन की ठप पड़ी गतिविधियों को फिर से शुरू करना होगा। साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दीवार निर्माण पर पांच अरब डॉलर की मांग के प्रस्ताव का भी जवाब देना होगा। नैंसी पहली बार 1988 में जैन कांग्रेस की सदस्य बनी थीं| तब 435 सदस्यीय सदन में 24 महिलाएं थीं, जबकि आज डेमोक्रेटिक पार्टी की 235 सदस्यों में 89 महिलाएं हैं।
उल्लेखनीय है कि नैंसी पेलोसी एक राजनीतिक परिवार में पली-बढ़ी हैं| अमेरिकी जन मानस उन्हें एक उदारवादी नेता के रूप में जानता है। वह सात भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं। उनके पिता ईस्ट कोस्ट में ‘बाल्टीमोर’ (मैरीलैंड) के मेयर रह चुके हैं। नैंसी के पांच बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा भी है। उन्होंने राजनीति की शुरुआत 1976 से कैलिफोर्निया से की। कैलिफोर्निया में डेढ़ दशक तक राजनीति में छाने के बाद आज वह विभिन्न पदों पर काम करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर डेमोक्रेटिक पार्टी की बड़ी नेता हैं। सभापति पद पर आसीन होने के बाद उपसभापति, विभिन्न समितियों के चेयरमैन के गठन के बाद प्रतिनिधि सभा के एजेंडे तय करना एक बड़ी जिम्मेदारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *