आदित्य के खिलाफ दुष्कर्म के मामले में एफआईआर दर्ज

0

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी में आदित्य पंचोली पर आरोप लगाने वाली अभिनेत्री के नाम का उल्लेख नहीं है, लेकिन कहा जा रहा है कि ये मामला तकरीबन दस साल पुराना है, जब आरोप लगाने वाली अभिनेत्री 17 साल की थीं।



मुंबई, 27 जून (हि स)। मुंबई पुलिस ने एक अभिनेत्री की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए फिल्म अभिनेता आदित्य पंचोली के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी में आदित्य पंचोली पर आरोप लगाने वाली अभिनेत्री के नाम का उल्लेख नहीं है, लेकिन कहा जा रहा है कि ये मामला तकरीबन दस साल पुराना है, जब आरोप लगाने वाली अभिनेत्री 17 साल की थीं। पुलिस ने अभिनेत्री के बयान के आधार पर आदित्य के खिलाफ दुष्कर्म का ये मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आदित्य के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 376, 328, 384, 341, 323, 506 के तहत एफआईआर दर्ज की है। खबर लिखे जाने तक आदित्य पंचोली की गिरफ्तारी नहीं हुई है। माना जा रहा है कि आदित्य पंचोली खुद पुलिस स्टेशन में सरेंडर कर सकते हैं। आदित्य पंचोली के खिलाफ ये मामला मुंबई के अंधेरी के वरसोवा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ये मामला कई साल पुराना है, इसलिए पुलिस इसकी पूरी जांच करेगी। कुछ दिनों पहले आदिचत्य पंचोली ने पुलिस में शिकायचत दर्ज कराई थी कि उनको इस तरह के दुष्कर्म में फंसाने की धमकी दी गई थी। प्रमाण के तौर पर आदित्य ने धमकी देने वाले वकील से अपनी बातचीत की आडियो रिकार्डिंग भी पुलिस स्टेशन में जमा कराई थी। उनका आरोप था कि वकील उनको मानहानि का केस वापस लेने के लिए दबाव डाल रहा है, जो उन्होंने इसी अभिनेत्री और उसकी बहन के खिलाफ पिछले साल दर्ज कराया था। इसी केस में स्थानीय अदालत में अभिनेत्री और उनकी बहन को हाजिर होने को कहा गया था। ऐसा न होने पर दोनों के खिलाफ सम्मन जारी किए गए थे। अभिनेत्री अपने कैरिअर के शुरुआती दौर में काफी वक्त तक आदित्य पंचोली के साथ रिलेशनशिप में रहीं। उसी दौर को लेकर अभिनेत्री ने आदित्य के खिलाफ दुष्कर्म के साथ साथ मारपीट के आरोप भी लगाए थे। आम तौर पर लगभग हर मामले पर सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखने वाली और दूसरे सितारों की आलोचना करने वाली अभिनेत्री की बहन ने पंचोली के खिलाफ एफआईआर को लेकर कोई प्रतिक्रिया  नहीं व्यक्त की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *