देश में आशा अपेक्षाओं का जागना सौभाग्य और उज्ज्वल भविष्य की गारंटी : नरेंद्र मोदी

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनके लिए चुनाव का अध्याय पूरा हो गया है और देश सेवा एवं राष्ट्र निर्माण का अध्याय शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग लोकसभा चुनाव के नतीजों से अभी तक उभर नहीं पाए हैं। जहां तक हमारा संबंध है केंद्र में मजबूत सरकार बनने के बाद अगले पांच वर्षों में देश को नई ऊंचाईयों तक ले जाने के लिए अभियान शुरू हो गया है।



तिरुपति (आंध्र प्रदेश), 09 जून (हि.स.)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनके लिए चुनाव का अध्याय पूरा हो गया है और देश सेवा एवं राष्ट्र निर्माण का अध्याय शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग लोकसभा चुनाव के नतीजों से अभी तक उभर नहीं पाए हैं। जहां तक हमारा संबंध है केंद्र में मजबूत सरकार बनने के बाद अगले पांच वर्षों में देश को नई ऊंचाईयों तक ले जाने के लिए अभियान शुरू हो गया है।

इस धर्म नगरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आयोजित एक अभिनंदन समारोह में मोदी ने कहा कि चुनाव के बाद कुछ लोग अब इस चर्चा में लग गए हैं कि नरेंद्र मोदी ने जनता की आशा अपेक्षाएं तो जगा दी हैं लेकिन वह इन्हें पूरा कर पाएंगे कि नहीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासियों की आशा और अपेक्षाओं का जागना सौभाग्य की बात है और यह देश के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्ष के अनुभव के आधार पर वह कह सकते हैं कि देश सत्यनिष्ठा पर चलने वाले लोगों का साथ देता है और उनकी मदद करता है। सत्यनिष्ठा और दृढ़संकल्प के साथ वह देश को और ऊंचाई तक ले जाने का हर संभव प्रयास करेंगे तथा विकास को नई गति देंगे।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन राज्यों में भले ही भाजपा को चुनावी सफलता नहीं मिली हो लेकिन वह लोगों का विश्वास जीतने और जनहित के लिए सक्रिय रहेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत हासिल करना उनके लिए कार्य का मानदंड नहीं है। भाजपा जिस समय म्युनिसिपलिटी का चुनाव नहीं जीत पाती थी उस समय भी कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय रहते थे। भाजपा कार्यकर्ता चुनावी जीव नहीं हैं बल्कि वह जनता के सुख दुख में भागीदार रहने वाले लोग हैं।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार देश को आगे बढ़ाने के लिए है किसी दल को आगे बढ़ाने के लिए नहीं। सरकार देश सेवा के अनेक माध्यमों में से एक है। सरकार के बाहर रहकर भी देश सेवा का काम 365 दिन जारी रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने से अधिक महत्वपूर्ण जनता का दिल जीतना है। भाजपा के कार्यकर्ताओं की यह सोच है।

मोदी ने कहा कि भाजपा के लिए सरकार देश सेवा का एक माध्यम है। सरकार का काम देश सेवा है दलों की हितपूर्ति नहीं। भाजपा कार्यकर्ता जनसंपर्क, जनसंवाद और जनसमर्थन के जरिए जनता का हित सुनिश्चित करने में विश्वास रखते हैं।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी को चुनावों में मिली भारी सफलता पर बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने आशा व्यक्त की कि वह राज्य की जनता की आशाओं और अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करेंगे। इस काम में उन्होंने केंद्र सरकार के पूरे सहयोग का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि नए भारत के निर्माण के लिए आवश्यक है कि देश और देशवासी नए सपने देखें। राज्य भी नए सपने देखें, केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर इन सपनों को पूरा करें।

मोदी ने अपने संबोधन का प्रारंभ तिरुपति के अधिष्ठाता भगवान वैंकटेश की स्तुति से किया। मोदी श्रीलंका की यात्रा पूरी करने के बाद शाम तिरुपति पहुंचे थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *