विश्व कप में हम किसी को भी हल्के में नहीं ले रहे : कोहली

0

मुम्बई, 21 मई (हि.स.)। इंग्लैंड की मेजबानी में 30 मई से शुरू हो रहे आईसीसी विश्व कप को भारतीय कप्तान विराट कोहली ने अपने और टीम के लिए चुनौतीपूर्ण बताया। विश्व कप में हिस्सा लेने के लिए इंग्लैंड रवानगी की पूर्व संध्या पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कोहली ने कहा कि यह विश्व कप उनके तथा टीम के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि इस साल विश्व कप में खेलने वाली सभी टीमें काफी संतुलित हैं और ऐसे में भारत को जीत हासिल करने के लिए अपना शत-प्रतिशत देना होगा।

कोहली ने कहा, “यह अभी तक का सबसे चुनौतीपूर्ण विश्व कप है। यहां हर टीम अच्छी है। आप अफगानिस्तान को ही ले लीजिए। वह पहले क्या थी और अब किस तरह की टीम हो गई है। हर मैच में आपको अपनी पूरी ताकत के साथ खेलना होगा। इस विश्व कप में हम किसी भी चीज को हल्के में नहीं ले सकते।”

कोहली ने आगे कहा, “पिछले 2-3 वर्षों में हमने अच्छा क्रिकेट खेला है। हम बड़े हुए आत्मविश्वास के साथ विश्व कप में जा रहे और सभी खिलाड़ी अच्छा कर रहे हैं। हमारा पूरा फोकस अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर है।”

 वहीं टीम के कोच रवि शास्त्री ने बताया कि इंडियन प्रीमियर लीग  में चोटिल हुए केदार जाधव पूरी तरह से फिट हो गए हैं और टीम के साथ इंग्लैंड जा रहे हैं। लिहाजा भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है।

 शास्त्री ने महेंद्र सिंह धोनी का काफी अहम बताया है। शास्त्री ने कहा, “वह टीम के लिए काफी अहम है। एक पूर्व कप्तान होने के नाते उन्होंने बताया है कि वह किस तरह से टीम की मदद कर सकते हैं। एक खिलाड़ी के तौर पर भी वह शानदार हैं। आप उनके रन आउट, स्टम्पिंग देख लीजिए। वो मैच में काफी अहम होते हैं। जो मैच का परिणाम बदल सकते हैं। आप आईपीएल में ही उन्हें देख लीजिए। उन्होंने किस तरह का प्रदर्शन किया।”

भारतीय टीम तीसरे खिताब के लिए प्रयासरत है और वह पांच जून को अपना पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के साथ खेलेगी। भारत ने 1983 और 2011 में विश्व कप खिताब जीता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *