कर्नाटकःकांग्रेस विधायक के घर के पास विस्फोट, एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत

0

बेंगलुरु, 19 मई (हि.स.)।कांग्रेस विधायक मुनिरत्ना के वयालिकावल स्थित आवास के बाहर रविवार सुबह हुए विस्फोट में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक वेंकटेश रविवार सुबह करीब 9.15 विधायक के आवास के सामने फोन पर बात कर रहा था कि अचानक धमाका हुआ। धमाके के बारे में अधिक जानकारी नहीं मिल सकी है। मृतक, वेंकटेश धोबीघाट का रहने वाला था, जो यहां धोबी के रूप में काम कर रहा था और उसकी बेटी विधायक के घर पर काम करती है। विस्फोट के कारण उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो गए।
घटना में पड़ोसियों की खिड़कियां और दरवाजे भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। शहर पुलिस आयुक्त टी. सुनील कुमार और सेंट्रल डीसीपी डी देवराज ने भी घटनास्थल का दौरा किया। धमाके के बाद इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और विस्फोट की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि विस्फोट पार्किंग क्षेत्र में हुआ लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *