मुंबई, 10 अप्रैल (हि स)। शाहरुख खान के साथ डॉन 3 की योजना का मामला पिछले कई दिनों से मीडिया की चर्चाओं में है। पहले कहा गया कि जीरो की विफलता के बाद शाहरुख खान डॉन की तीसरी कड़ी शुरु करने जा रहे हैं, लेकिन कुछ ही दिनों बाद एक और खबर आई कि शाहरुख खान की जगह डॉन की तीसरी कड़ी में रणवीर सिंह को कास्ट किया जा रहा है। डॉन की दोनों कड़ियों का निर्माण करने वाली फरहान अख्तर की कंपनी की फिल्मों दिल धड़कने दो और हाल ही में रिलीज हुई फिल्म गली ब्वाय में रणवीर ने काम किया था और रणवीर को लेकर काफी दिनों से चर्चा थी कि वे शाहरुख खान की किसी फिल्म की सीरिज से जुड़ने जा रहे हैं। रणवीर के डान की तीसरी कड़ी से जुड़ने की खबर फैलने के बाद अब फरहान अख्तर की कंपनी ने इसे लेकर सफाई दी है और साफ तौर पर कहा है कि रणवीर सिंह इस फिल्म में काम नहीं कर रहे हैं। कंपनी की ओर से ये भी कहा गया है कि डान की तीसरी कड़ी जब भी बनेगी, शाहरुख खान की इसका प्रमुख चेहरा होंगे। डॉन की तीसरी कड़ी को लेकर फरहान अख्तर, जिन्होंने शाहरुख खान के साथ बनी दोनों फिल्मों का निर्देशन किया, उनको और उनकी कंपनी के पार्टनर रितेश सिधवानी अलग अलग बातें बोलते आए हैं। रितेश सिधवानी कई बार बोल चुके हैं कि डान की तीसरी कड़ी की योजना पर काम हो रहा है और जल्दी ही ये फिल्म शुरु होगी। दूसरी ओर, फरहान ने कई मौकों पर कहा है कि वे फिलहाल निर्देशन में नहीं लौटना चाहते और उनका डॉन 3 बनाने का कोई इरादा नहीं है। शाहरुख खान भी डॉन की तीसरी कड़ी को लेकर कई बार कह चुके हैं कि फिलहाल वे इस फिल्म में काम नहीं कर रहे हैं। शाहरुख खान ने जीरो के बाद कोई नई फिल्म साइन नहीं की है और बहुत सारे लोगों का मानना है कि क्राइम थ्रिलर के तौर पर डॉन जैसी फिल्म उनकी वापसी के लिए सही फिल्म रहेगी, लेकिन रणवीर सिंह के इससे जुड़ने की खबर ने सब कुछ बदल दिया। फरहान की कंपनी के सूत्रों ने कहा है कि फिलहाल डॉन की तीसरी कड़ी की कोई योजना नहीं है। गली ब्वाय के बाद जोया अख्तर के निर्देशन में नई फिल्म शुरु होगी, जिसकी पटकथा पर काम शुरु हो चुका है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *