नागरिकता विधेयक क्रियान्वित नहीं होने देगी कांग्रेस: राहुल

0

डिमापुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को यहां चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नगालैंड के साथ पूर्वोत्तर के नागरिकों को जो सम्मान मिलना चाहिए था, वह अब तक नहीं मिल सका है। नागरिकता संशोधन विधेयक के चलते राज्य की भाषा और संस्कृति को लेकर एक गंभीर चिंता उत्पन्न हुई है। कांग्रेस इस विधेयक को कभी भी क्रियान्वित नहीं होने देगी।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार ने लुक ईस्ट पॉलिसी के जरिए पूर्वोत्तर पर विशेष ध्यान दिया था। इसके जरिए पूर्वोत्तर तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि 15 लाख रुपये की बात करने से कोई लाभ होने वाला नहीं है। गरीब किसानों के बैंक खाते में कितने रुपये जमा हुए हैं, इसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार पिछले पांच वर्षों तक केवल धनाढ्य लोगों के लिए ही काम करती रही। असल में प्रधानमंत्री मोदी बड़े पूंजीपतियों और उद्योगपतियों के ही चौकीदार हैं, आम जनता के नहीं। इस मौके पर नगालैंड कांग्रेस के प्रदेश स्तर के शीर्ष नेता भी मौजूद थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *