दिल्ली के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय छह दिवसीय दौरे पर आठ को आएंगे
देहरादून, 06 जनवरी (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री गोपाल राय 8 जनवरी से 6 दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आएंगे। इस दौरान कुमाऊं,परिवर्तन सभा और बूथ सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
दिल्ली के श्रम मंत्री गोपाल राय का दूसरा उत्तराखंड दौरा है। 8 जनवरी से 13 जनवरी तक कुमाऊं में परिवर्तन सभा और बूथ सम्मेलन में शामिल होंगे। मंत्री गोपाल राय दिसंबर के अंतिम माह में देहरादून दौरे पर आए थे, जहां उन्होंने आगामी 45 दिनों के लिए पार्टी की रणनीति पर पदाधिकारियों से अहम बैठक की थी। अब उनका 8 जनवरी से 6 दिवसीय कुमाऊं दौरा है जहां वो,कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
आप हल्द्वानी प्रभारी समित टिक्कू ने बताया कि कुमाऊं में होने वाले उनके इस कार्यक्रम के लिए पार्टी द्वारा सभी तैयारियां संपन्न कर ली गई हैं। 7 जनवरी को गोपाल राय हल्द्वानी पहुंचेंगे,रात्रि विश्राम के बाद 8 जनवरी को दोपहर एक बजे वो मीडिया से मिलेंगे। 9 जनवरी को नवपरिवर्तन सभा के तहत वो हल्द्वानी में आगामी रणनीतियों के तहत पार्टी पदाधिकारियों से कई मुद्दों पर विचार विमर्श और जन सभा को भी संबोधित करेंगे। अगले दिन,10 जनवरी को दोपहर 12 बजे हल्द्वानी में ही एक विशाल परिवर्तन सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद यहां से वो सीधे लालकुआं पहुंचेंगे जहां दोपहर 3 बजे वो बूथ सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ संबंधी अहम जानकारी देंगे।
11 जनवरी को दोपहर 12 बजे उनकी परिवर्तन सभा सितारगंज में आयोजित की जाएगी जहां वो विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद यहां से खटीमा पहुंचकर बूथ सम्मेलन कार्यक्रम में भाग लेंगे। बारह जनवरी को वो किच्छा पहुंचेंगे जहां पहले उनका बूथ सम्मेलन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद यहां से निकलकर वो 3 बजे दोपहर में रुद्रपुर पहुंचेंगे और नवपरिवर्तन सभा में शामिल होंगे।
अंतिम दिन 13 जनवरी को उनका प्रस्तावित कार्यक्रम रामनगर में है जहां दोपहर 12 बजे वो परिवर्तन सभा में शामिल होंगे। यहां से वो रामनगर पहुंचकर 3 बजे बूथ सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और फिर वहां से कार्यक्रम समाप्त होने के उपरांत वो दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
