भाजपा राज में खुले फरीदाबाद के विकास के द्वार : कृष्णपाल गुर्जर

0

-केंद्रीय मंत्री ने 16 करोड़ 92 लाख की लागत से बनने वाले चार पुलों का किया शिलान्यास
फरीदाबाद 17 जनवरी (हि.स.)। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने सोमवार को एत्मादपुर से मवई तक के रास्ते में बनने वाले 4 पुलों का शिलान्यास किया। इनकी अनुमानित लागत 16 करोड़ 92 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि एत्मादपुर से मवई तक ऐसे चार पुल बनेंगे और जिससे लोगों का आवागमन सुलभ होगा। जाम और हादसों में कमी आएगी। गुर्जर ने कहा कि भाजपा राज में फरीदाबाद के विकास के द्वार खुले हैं।
उन्होंने कहा कि आगरा कैनाल पर पुल बनाए हुए हैं और उसी तरह यह चारों फोरलेन के पुल बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की दूरगामी सोच है जिसकी वजह से इन छोटी पुलिया पर चार लाइन का पुल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी यह सडक़ दो लाइन की है लेकिन हम पुल चार लाइन के बनवा रहे हैं क्योंकि हमारी सोच आगे के 20 साल को सोच कर चल रही है।
गुर्जर कहा कि आने वाले समय में जब यह सड़क फोरलेन बनेगी तो पुल तो पहले से ही फोरलेन बन चुके होंगे। उन्होंने कहा कि इतने सालों से यहां कांग्रेस का राज था तो उनके राज में पुल क्या उन्होंने एक पुर्जा तक नहीं लगवाया। अब इस इलाके के लिए नया हाइवे निकल गया है और यह रोड आने वाले समय में फोरलेन हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां से नोएडा, दिल्ली सिर्फ 15 मिनट की दूरी पर रह जाएंगे। अगले 2 साल में इसी हाईवे को जेवर से जोड़ देंगे ताकि आप आधे घंटे में जेवर एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में ऐसा एक भी शहर नहीं है जिसके दोनों तरफ हाईवे हो। आप सब के आशीर्वाद से देश में नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मनोहर लाल की सरकार बनी है और आप लोगों ने मुझे यहां से सांसद बनने का मौका दिया। कांग्रेस के समय का फरीदाबाद और आज के समय का फरीदाबाद देख ले। उन्होंने कहा कि पहले मथुरा रोड की सूरत क्या थी और आज उसकी सूरत देख ले। यहां एक नया नेशनल हाईवे आपके बराबर में बनना है जो डेढ़ साल में कंप्लीट हो जाएगा। उन्होंने कहा कि एक शहर में दो-दो हाइवे होंगे और एक तीसरा हाइवे और पास कराया गया है जो यहां से जेवर एयरपोर्ट तक सिर्फ आधे घंटे में पहुंचाएगा। केन्द्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट जाओगे तो आपको 2 घंटे लगेंगे और जेवर एयरपोर्ट जाने में सिर्फ आपको आधा घंटा लगेगा यह मेरा वादा है। उन्होंने कहा कि जब नियत होती है तब नीतियां बनती हैं योजनाएं बनती हैं तभी काम होते हैं। हम मोदी जी के सिपाही हैं देश की जनता ने मोदी जी पर भरोसा किया और मोदी जी इस देश का चहुमुखी विकास कर रहे हैं देश को दुनिया का सबसे ताकतवर देश बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आप सब के सहयोग से हम फरीदाबाद को और अधिक विकास के मामले में आगे लेकर जाएंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *