बिहार के लोग जो बाहर फंसे हुये हैं उनसे फीडबैक लेकर उनकी परेशानियों को अविलंब दूर करें: मुख्यमंत्री

0

पटना 30 मार्च (हि स):  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 1, अणे मार्ग में उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने बिहार के जो लोग बाहर फंसे हुये हैं उन्हें होने वाली समस्याओं तथा मुख्यमंत्री आवास के दूरभाष, स्थानिक आयुक्त के हेल्पलाइन नंबर तथा आपदा प्रबंधन विभाग के हेल्पलाइन नम्बर पर फंसे हुये लोगों से प्राप्त सूचनाओं के संबंध में गहन समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि ऐसे लोगों को वापस फोन कर उनकी समस्याओं और उन्हें प्राप्त होने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली जाय तथा उन्हें जो भी समस्यायें हो रही हैं उनके समाधान हेतु अविलंब कार्रवाई करते हुये उन्हें सहायता उपलब्ध करायी जाय। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सूचनादाताओं से उनका फीडबैक प्राप्त किया जाय तथा प्राप्त फीडबैक के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुये बाहर फंसे हुये लोगों की परेशानियों को अविलंब दूर करना सुनिश्चित किया जाय।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग बाहर से बिहार आ गये हैं उनकी स्क्रीनिंग, भोजन, आवासन की व्यवस्था के साथ-साथ उन्हें चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध करायी जाय तथा इस क्रम में निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया जाय। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाय कि उन्हें किसी तरह की समस्या न हो।

बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कोरोना के संक्रमित मरीजों के सम्पर्क में आने वाले संदिग्ध लोगों की गहन ट्रैकिंग करायी जाय तथा उनकी सघन टेस्टिंग करायी जाय। इसके लिये आवश्यक उपकरण, टेस्टिंग किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जाय।

बैठक में बर्ड फ्लू एवं स्वाईन फ्लू को लेकर भी समीक्षा की गयी। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि बर्ड फ्लू एवं स्वाइन फ्लू की स्थिति का भी लगातार अनुश्रवण करते हुये आवश्यक कदम उठाना सुनिश्चित करें।

ए0ई0एस0 की समीक्षा के क्रम में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि एक्यूट इन्सेफ्लाइटिस सिंड्रोम (ए0ई0एस0) के संदर्भ में अभी से ही पूरी तैयारी रखी जाय। ए0ई0एस0 प्रभावित संभावित क्षेत्रों में सभी प्रकार के सुरक्षात्मक उपाय करें एवं जागरूकता फैलाना सुनिश्चित करें तथा वहां सम्पूर्ण स्वच्छता का ध्यान रखें।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि कोरोना संक्रमण की गंभीरता को देखते हुये प्रत्येक व्यक्ति सचेत रहें। लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है। इसके लिये जो जहां हैं, सोशल डिस्टेंसिंग को अपनायें। आप सब लोग अपने घर के अंदर रहें, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। किसी को भी समस्या नहीं होने दी जायेगी। मुझे पूरा विश्वास है कि आप सभी के सहयोग से हम सब मिलकर इस चुनौती का सफलतापूर्वक सामना करने में सक्षम होंगे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *