बोइंग कंपनी ने भारतीय नौसेना को सौंपा 11वां पी-8आई विमान
नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। अमेरिकी बोइंग कंपनी ने सोमवार को भारतीय नौसेना को 11वां लंबी दूरी का समुद्री टोही पनडुब्बी रोधी पी-8आई विमान सौंप दिया है। आने वाले समय में जल्द ही आखिरी विमान नौसेना को मिलेगा। पहली बार 2013 में नौसेना में शामिल किए जाने के बाद से अब तक 30 हजार घंटों से ज्यादा की उड़ान भर चुके हैं। अब पी-8 आई विमानों का संचालन करने वाला भारत दुनिया का सबसे बड़ा ऑपरेटर बन गया है। भारत के अलावा इन विमानों का संचालन अमेरिकी नेवी, ऑस्ट्रेलियन एयर फोर्स और यूनाइटेड किंगडम की रॉयल एयर फोर्स भी करती है।
अमेरिका के पी-8 आई एयरक्राफ्ट हंटर नाम से प्रसिद्ध हैं। हिन्द महासागर क्षेत्र में सभी महत्वपूर्ण चोक पॉइंट्स पर निगरानी रखने के लिए भारत ने वर्ष 2012 में अमेरिका से 12 पी-8 आई समुद्री निगरानी और पनडुब्बी रोधी विमानों का सौदा 2.2 बिलियन अमेरिकी डॉलर में किया था। इनमें से 8 टोही विमानों की आपूर्ति 2013 में की गई थी। इसके बाद 2019 में पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमताओं को बढ़ावा देने के लिए नौसेना ने चार और लंबी दूरी के समुद्री गश्ती विमानों का ऑर्डर बोइंग कंपनी को दिया। इस ऑर्डर में से पहला निगरानी विमान भारतीय नौसेना ने 18 नवम्बर, 2020 को मिला। बोइंग कंपनी ने 10वां विमान इसी साल जुलाई में नौसेना को सौंपा था।
अत्याधुनिक रडार से लैस ये विमान जरूरत पड़ने पर चीनी सीमा पर लद्दाख और पूर्वोत्तर में भी भेजे जाते हैं। गलवान घाटी में चीनी सेना के साथ हुए हिंसक संघर्ष के बाद शहीद और घायल भारतीय सैनिकों को लाने के लिए भी इन्हीं विमानों को भेजा गया था। इन विमानों को भारत के पश्चिमी तट पर गोवा में हंसा नेवल बेस पर तैनात किया गया है। पूरे हिन्द महासागर और अरब सागर में चीन या पाकिस्तान की पनडुब्बियों का शिकार करने के लिए अब नौसेना के पास 11 पी-8 आई एयरक्राफ्ट हो गए हैं। समुद्री निगरानी और खोज एवं बचाव अभियान के लिए एक और गश्ती विमान मिल जाने से भारतीय नौसेना के बेड़े की ताकत बढ़ी है।
बेजोड़ समुद्री टोही और पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमताओं के अलावा पी-8 आई को आपदा राहत और मानवीय मिशनों के दौरान सहायता के लिए तैनात किया जा सकता है। बोइंग ने भारतीय नौसेना के फ्लाइट क्रू, स्पेयर पार्ट्स, ग्राउंड सपोर्ट इक्विपमेंट और फील्ड सर्विस रिप्रेजेंटेटिव सपोर्ट का प्रशिक्षण देकर भारत के बढ़ते पी-8 आई बेड़े का समर्थन किया है। भारत के पास बोइंग कम्पनी से अभी छह और पी-8 आई विमान खरीदने का विकल्प है, जिस पर 2021 के अंत में बातचीत होगी। बोइंग कंपनी के साथ 2019 में हुए अनुबंध में प्रशिक्षण और सहायता पैकेज की भी शर्त रखी गई थी।
अमेरिकी कंपनी बोइंग ने पनडुब्बियों का शिकार करने के लिए इन विमानों को मार्क-54 तारपीडो, मार्क-84 डेप्थ चार्ज और घातक बमों से लैस किया है। इसके अलावा इस विमान में एजीएम-84 हार्पून एंटी शिप मिसाइलें भी लगाई गई हैं। पी-8 आई को कैरियर बैटल ग्रुप की सुरक्षा के लिए भी तैनात किया जा सकता है। पी-8 आई में मैगनेटिक अनोमली डिटेक्शन सिस्टम (मैड) लगा है जो पानी के अंदर छिपी पनडुब्बियों को खोज निकालता है। इसके अलावा इसमें कई ऐसे रडार लगे हैं जो लंबी दूरी तक नजर रखने और जासूसी करने में सक्षम हैं। यह विमान 789 किमी प्रतिघंटा की गति से करीब 40 हजार फुट की ऊंचाई पर उड़ान भर सकता है।