आम आदमी पार्टी ने दिल्ली वालों के साथ धोखा किया: अमित शाह

0
shah

नई दिल्ली, 3 फ़रवरी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा में आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला। अमित शाह ने कहा कि देशभर में एक ही शिक्षा मंत्री है, जो शराब घोटाला मामले में जेल गया है। शिक्षा मंत्री का काम होता है, बच्चों को शिक्षा देना, स्कूल बनाना, शिक्षकों का कल्याण करना, नए कॉलेज बनाना। ये सब तो कुछ उन्होंने किया नहीं, बल्कि दिल्ली में गली-गली में शराब की दुकानें खोल दी हैं।

जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा में केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि 10 वर्षों तक अनेक वादे कर केजरीवाल और उनके चट्टे-बट्टों ने दिल्ली को क्या दिया? भ्रष्टाचार दिया, कूड़ा कचरा दिया, जहरीला पानी दिया और तुष्टिकरण दिया। इन्होंने दिल्ली को धोखा दिया है। दिल्लीवाले आप-दा सरकार को 8 फरवरी को झाड़ू लगाकर बाहर फेंकने वाले हैं। उन्हाेंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने वादा किया था कि वे यमुनाजी के पानी को साफ करेंगे। केजरीवाल ने तो यमुनाजी को स्वच्छ नहीं किया, लेकिन दिल्ली में भाजपा की सरकार बना दीजिए, तीन साल में हम यमुना रिवर फ्रंट बनाने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी वाले कह रहे हैं कि भाजपा आएगी तो सारी गरीब कल्याण की योजनाएं बंद हो जाएंगी, जबकि मोदी ने वादा किया है कि गरीब कल्याण की एक भी योजना बंद नहीं होगी। इसके अलावा दिल्ली की हर गरीब महिला को प्रतिमाह 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर देगी और होली व दीपावली पर दो सिलेंडर मुफ्त दिये जाएंगे। 10 लाख तक का मुफ्त इलाज दिया जाएगा और हर झुग्गी-झोपड़ी को मालिकाना हक देने का काम किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने वादा किया था कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाएंगे। केजरीवाल, राहुल बाबा, अखिलेश, ममता इन सभी ने विरोध किया और कहा कि अनुच्छेद 370 हटाओगे तो कश्मीर में खून की नदियां बह जाएंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने 5 अगस्त, 2019 को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हमेशा के लिए समाप्त कर दिया। खून की नदियां छोड़ो किसी की पत्थर चलाने की भी हिम्मत नहीं हुई। उन्हाेंने कहा कि भाजपा एक अकेली ऐसी पार्टी है, जो कहती है वो करती है। मोदी की गारंटी मतलब पत्थर पर खींची लकीर।

2014 में भाजपा ने वादा किया था कि हम इस देश से आतंकवाद को समाप्त कर देंगे। 10 साल के अंदर इस देश से आतंकवाद को समाप्त करने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। 31 मार्च, 2026 तक हम इस देश से नक्सलवाद को भी समाप्त कर देंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *