एक बार में 1000 किमी दूरी तय करने वाली सीएनजी बस की हुई शुरुआत

0

इसमें संयोजित (कंपोजिट) सीएनजी सिलेंडर लगाए गए हैं, जो एक बार पूरी तरह सीएनजी से भर जाने पर लगभग 1000 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर सकती है।



नई दिल्ली, 25 दिसम्बर (हि.स.)। देश में लंबी दूरी की आवाजाही के लिए सीएनजी वाहनों को बढ़ावा देने के लिए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस व इस्‍पात मंत्री धर्मेन्‍द्र प्रधान ने मंगलवार को भारत की लंबी दूरी तय करने वाली प्रथम सीएजी बस का अनावरण किया। इसमें संयोजित (कंपोजिट) सीएनजी सिलेंडर लगाए गए हैं, जो एक बार पूरी तरह सीएनजी से भर जाने पर लगभग 1000 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर सकती है। इस परियोजना को इन्‍द्रप्रस्‍थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने कार्यान्वित किया है। यह पहल भारत को गैस आधारित अर्थव्‍यवस्‍था बनाने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

इस मौके पर पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि कि इन सीएनजी बसों को ट्रायल बेस पर चलाया जा रहा है और जल्‍द ही इन्‍हें वाणिज्यिक दृष्टि से भी चलाया जाएगा। प्रधान ने कहा, ‘दिल्ली में स्वच्छ गैस आधारित ईंधनों को अपनाने में क्रांति देखने को मिली है। मौजूदा समय में दिल्‍ली-एनसीआर में 500 से भी अधिक सीएनजी केन्‍द्र हैं और पाइप के जरिए लगभग 12 लाख प्राकृतिक गैस कनेक्‍शन दिए गए है। एनसीआर में प्रतिदिन 1000 से भी अधिक पीएनजी कनेक्‍शन दिए जा रहे हैं।’ उन्‍होंने कहा कि सरकार राष्‍ट्रीय राजधानी के चारों ओर हरित कॉरिडोर सुनिश्चित करना चाहती है जिसके तहत यहां से लेकर चंडीगढ़, देहरादून, आगरा और जयपुर तक सीएनजी बसें चलेंगी।
प्रधान ने कहा कि कई अन्‍य देशों की तुलना में भारत प्रदूषण फैलाने वाला देश नहीं है, बल्कि एक जवाबदेह राष्‍ट्र है। उन्होंने कहा कि सरकार गैस आधारित अर्थव्‍यवस्‍था को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस संबंध में ऊर्जा से जुड़ी अवसंरचना में 100 अरब डॉलर का निवेश किया जा रहा है। उन्‍होंने यह भी कहा कि सरकार पेट्रोल, सीएनजी और एलएनजी की घर-घर डिलीवरी शुरू करना चाहती है, जैसा कि मोबाइल डिस्पेंसर द्वारा डीजल के लिए किया जा रहा है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *