हेमंत ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा किया पेश

0

29 दिसम्बर को मोरहाबादी में लेंगे शपथ



रांची, 25 दिसम्बर (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने मंगलवार रात राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर झारखंड में सरकार बनाने का दावा पेश किया है। वह 29 दिसम्बर को मोरहाबादी मैदान में दोपहर एक बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस दौरान हेमंत के साथ झामुमो के सुप्रीमो शिबू सोरेन, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव और राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव भी मौजूद थे।
राजभवन से बाहर निकलते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि 29 दिसम्बर को दोपहर एक बजे मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि 50 विधायकों का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा गया है। मंत्रिमंडल में तीनों घटक दल के विधायकों को शामिल किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि महागठबंधन के तहत विधानसभा चुनाव लड़े हेमंत सोरेन को कांग्रेस के 16 और राजद के एक विधायक का समर्थन मिला है। विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को 30 सीटें मिली हैं। वही कांग्रेस को 16, राजद को एक सीट मिली है। 81 विधानसभा वाली सीटों में सरकार बनाने के लिए कुल 41 विधायकों का होना जरूरी है। महागठबंधन के घटक दलों ने इस चुनाव में 46 सीट पर जीत हासिल की है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *