देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी हुई : डॉ. हर्षवर्धन

0

लॉकडाउन के कारण 9 दिन में कोरोना के मामले हो रहे हैं दोगुने- लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने में उत्तर प्रदेश सबसे आगे 



नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने शुक्रवार को सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों और स्वास्थ्य सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। इस बैठक में सभी राज्यों से कोरोना की स्थिति पर जायजा लिया।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि कोरोना का संक्रमण रोकने के संबंध में प्रदेशों द्वारा उठाए जा रहे कदम सराहनीय है। राज्य सरकारों की कोशिशें रंग ला रही है, इसीलिए संक्रमण की मौजूदा स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया के मुकाबले देश की स्थितियां काफी बेहतर हैं। देश में दुनिया के मुकाबले कोरोना के मामले सबसे कम है। इसके साथ इस बीमारी से मरने वालों की संख्या भी 3 प्रतिशत है जबकि अन्य देशों में हालात बदतर है। देश में कोरोना के मामले दोगुने होने की रफ्तार पहले 3-4 दिन हुआ करती थी लेकिन अब 9 दिन के आसपास है।
उत्तर प्रदेश ने सख्ती से लॉकडाउन का पालन करवाया
डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि कोरोना संक्रमण फैलने की रफ्तार लॉकडाउन की वजह से कम है। सभी प्रदेश सरकारें ल़ॉकडाउन सख्ती से पालन करवाएं। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन का गहराई से पालन करवाने में सबसे आगे उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने प्रदेश में सबसे सख्ती से लॉकडाउन का पालन करवाया है। इसी तरह बाकी प्रदेश भी इस दिशा में सख्त कदम उठाएंं। उन्होंने कहा कि कुछ राज्यों में बीमारी बढ़ रही है, लेकिन हम इसे नियंत्रित करने में सक्षम हैं। सभी राज्य अपने आत्मविश्वास को बनाए रखें। इसके साथ ही सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्री कोरोना से निपटने के लिए किए जा रहे सभी उपायों की निगरानी स्वयं करें। उन्होंने कहा कि राज्यों की मदद के लिए केन्द्र सरकार ने डॉक्टरों और विशेषज्ञों की टीम को वहां सहयोग के लिए भेजा गया है। यह टीमें राज्यों की मदद के लिए भेजी गई हैं, न कि निगरानी के लिए भेजी गई हैं।
 टेस्टिंग की प्रक्रिया को मजबूती मिली
डॉ. हर्षवर्धन ने राज्यों से कहा कि देश में कोरोना की टेस्टिंग की प्रक्रिया को मजबूत किया गया है। मौजूदा समय में साढ़े 5 लाख टेस्ट हो चुकें है और अच्छी बात है कि अब भी 3-4 प्रतिशत ही लोग पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। इसके साथ रेपिड एंटीब़ॉडीज टेस्ट के लिए भी जल्दी ही आईसीएमआर नई गाईडलाइन जारी करेगा। राज्यों से टेस्ट किट्स को लेकर शिकायतें आईं थी, उसकी जांच चल रही है, आज या कल में रिपोर्ट आ जाएगी। उसी के आधार पर सभी राज्यों को नए दिशा-निर्देश भेज दिए जाएंगे।
अभी फेस थ्री में नहीं देश
डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि कोरोना के बढ़ते हुए मामले को देखते हुए कुछ लोग फेस थ्री की बातें कर रहे हैं लेकिन देश अभी बीमारी के तीसरे चरण में नहीं पहुंचा है। हमें पता है कि बीमारी कहां और उससे कैसे निपटना है। राज्य सरकारें और केन्द्र सरकार जनता के सहयोग से इस बीमारी के खिलाफ जंग को जीत लेंगे। पिछले साढ़े तीन महीने के अथक प्रयास और मेहनत धीरे धीरे रंग ला रही है। फोकस एप्रोच और लॉकडाउन मददगार साबित हो रहा है। सभी राज्य लॉकडाउन और सामाजिक दूरी का पालन करवाएं तो इस बीमारी को जल्दी ही हरा देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *