आज भारत–रूस शिखर बैठक: रक्षा, व्यापार और ऊर्जा पर मोदी–पुतिन की बड़ी वार्ता

0
modi

नई दिल्ली – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज नई दिल्ली में 23वीं भारत–रूस शिखर बैठक करेंगे। दोनों नेता रक्षा सहयोग बढ़ाने, व्यापार मजबूती देने और ऊर्जा साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर देंगे। पुतिन की भारत यात्रा के दूसरे दिन यह बैठक दोनों देशों के बदलते रणनीतिक समीकरणों को नया दिशा देगी।

गुरुवार शाम मोदी ने पुतिन का दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया। मोदी ने उन्हें गले लगाया और फिर दोनों नेता एक ही वाहन से 7 लोक कल्याण मार्ग पहुंचे। यह दृश्य भारत–रूस संबंधों की गहराई को दर्शाता है। दोनों देश हर साल शिखर बैठक करते हैं और अब तक 22 बैठकें हो चुकी हैं। पुतिन 2021 में दिल्ली आए थे, जबकि मोदी पिछले वर्ष जुलाई में मॉस्को गए थे।

आज की चर्चा कई अहम मुद्दों पर आगे बढ़ेगी। सबसे पहले दोनों नेता रक्षा सहयोग को नया ढांचा देने पर बात करेंगे। भारत मजबूत आपूर्ति श्रृंखला, संयुक्त उत्पादन और दीर्घकालिक परियोजनाओं पर सहमति चाहता है। उधर, रूस उत्पादन साझेदारी बढ़ाने का प्रस्ताव रखेगा। इसके बाद दोनों देश व्यापार संतुलन पर चर्चा करेंगे। भारत रूस से भारी मात्रा में कच्चा तेल खरीदता है, जिससे व्यापार घाटा बढ़ गया है। अब नई दिल्ली इस असंतुलन को सुधारने की मांग रखेगी।

इसके साथ ही ऊर्जा सहयोग चर्चा का बड़ा हिस्सा बनेगा। हाल में अमेरिकी प्रतिबंधों और टैरिफ ने भारत के रूसी तेल आयात को प्रभावित किया है। इसके बाद रूस भारत को अतिरिक्त छूट देने का संकेत दे चुका है। मोदी स्थिर कीमतें और निर्बाध आपूर्ति की आवश्यकता को दोहराएंगे। पुतिन भी मोदी को यूक्रेन युद्ध पर अमेरिका की नई पहलों की जानकारी देंगे। भारत वार्ता और कूटनीति को ही समाधान मानता है।

दोनों देश छोटे मॉड्यूलर रिएक्टरों और नई ऊर्जा तकनीकों पर भी साझेदारी की संभावनाएं खोजेंगे। भारत दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को प्राथमिकता देता है और रूस इस दिशा में महत्वपूर्ण भागीदार बनना चाहता है।

आज पुतिन का कार्यक्रम व्यस्त रहेगा। सुबह 11 बजे राष्ट्रपति भवन में उन्हें औपचारिक स्वागत और त्रि-सेवा गार्ड ऑफ ऑनर मिलेगा। फिर वह राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद 11:50 बजे हैदराबाद हाउस में शिखर वार्ता होगी। पहले सीमित स्तर की बैठक होगी, फिर दोनों देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

बाद में दोनों देश कई समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे। 1:50 बजे मोदी और पुतिन संयुक्त प्रेस वार्ता करेंगे। इसके बाद दोनों नेता फिक्की और रोस्कांग्रेस द्वारा आयोजित व्यापारिक सम्मेलन में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम निवेश अवसरों और नए व्यापार मार्गों पर केंद्रित रहेगा।

शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुतिन के सम्मान में राज्य भोज देंगी। अंत में पुतिन रात लगभग 9 बजे भारत से रवाना होंगे।

आज की बैठक दोनों देशों को बदलती वैश्विक व्यवस्था में नई रणनीति बनाने का मौका देगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *