ममता बनर्जी की यूके यात्रा दो दिन के लिए टली

0
mamta

कोलकाता, 22 मार्च । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ब्रिटेन यात्रा दो दिन के लिए टाल दी गई है। लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर बिजली संकट के कारण यह फैसला लिया गया। हवाई अड्डे के पश्चिमी इलाके में स्थित एक उपकेंद्र में आग लगने से यह संकट पैदा हुआ।

मुख्यमंत्री को 23 मार्च को कोलकाता से रवाना होना था। उनके साथ राज्य के मुख्य सचिव मनोज पंत और अन्य अधिकारी भी जाने वाले थे। लेकिन बदली परिस्थितियों को देखते हुए अब यात्रा 24 मार्च को होगी। राज्य सरकार के सूत्रों के अनुसार, यह बदलाव अस्थायी है। आगे कोई और बदलाव होगा या नहीं, इसकी जानकारी समय पर दी जाएगी।

मुख्यमंत्री की वापसी तय कार्यक्रम के अनुसार, 28 मार्च को होनी थी। अब यह तय नहीं है कि वह उसी दिन लौटेंगी या कार्यक्रम में और बदलाव होगा। ममता बनर्जी इस दौरे में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से जुड़े एक कॉलेज में व्याख्यान देने वाली हैं। इसके अलावा, उनकी मुलाकात कई उद्योगपतियों और व्यापारियों से भी होगी।

2021 में भी उन्हें ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में व्याख्यान के लिए बुलाया गया था। तब तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार की साजिश के कारण कार्यक्रम रद्द हुआ। इससे पहले 2015 में भी मुख्यमंत्री ब्रिटेन गई थीं। उस दौरे में तत्कालीन वित्त मंत्री अमित मित्रा समेत कई मंत्री उनके साथ थे। अब अमित मित्रा मुख्यमंत्री के मुख्य आर्थिक सलाहकार हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *