भारतीय जनसंचार संस्थान का 56वां दीक्षांत समारोह आज, केंद्रीयमंत्री अश्विनी वैष्णव होंगे मुख्य अतिथि

0
19

नई दिल्ली, 04 मार्च । देश के प्रतिष्ठित ‘भारतीय जनसंचार संस्थान’ (आईआईएमसी) के 56वें दीक्षांत समारोह में आज केंद्रीयमंत्री अश्विनी वैष्णव मुख्य अतिथि होंगे। यह कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित आईआईएमसी के महात्मा गांधी मंच में होगा। आईआईएमसी के कुलाधिपति और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, रेल तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकीमंत्री अश्विनी वैष्णव विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे।

भारत सरकार के पत्र एवं सूचना कार्यालय (पीआईबी) की विज्ञप्ति के अनुसार, दीक्षांत समारोह में 2023-24 बैच के नौ पाठ्यक्रमों के 478 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। आईआईएमसी नई दिल्ली और इसके पांच क्षेत्रीय परिसरों ढेंकनाल, आइजोल, अमरावती, कोट्टायम और जम्मू के छात्रों को डिप्लोमा प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 36 उत्कृष्ट छात्रों को विभिन्न पदक और नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण अवसर पर विशिष्ट संकाय सदस्य और अतिथि उपस्थित रहेंगे।

आईआईएमसी देश का प्रमुख मीडिया प्रशिक्षण संस्थान है। यह मीडिया और संचार के क्षेत्र में शिक्षा प्रदान करता है। 1965 में स्थापित आईआईएमसी हिंदी पत्रकारिता, अंग्रेजी पत्रकारिता, विज्ञापन और जनसंपर्क, रेडियो और टेलीविजन पत्रकारिता, डिजिटल मीडिया, ओडिया पत्रकारिता, मराठी पत्रकारिता, मलयालम पत्रकारिता और उर्दू पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम प्रदान करता है। वर्ष 2024 में डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी का दर्जा मिलने के बाद यहां मीडिया बिजनेस स्टडीज और स्ट्रेटेजिक कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री प्रोग्राम भी शुरू किए गए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *