बिलासपुर नगर निगम में भाजपा की पहली महिला महापौर की शपथग्रहण में जुबान फिसली, कांग्रेस ने कसा तंज

बिलासपुर, 28 फ़रवरी। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर नगर निगम में भाजपा की पहली महिला महापौर के तौर पर एल पद्मजा पूजा विधानी चुनकर आई है। शहर सरकार की बागडोर एक लाख 52 हजार मतदाताओं ने एल पद्मजा पूजा विधानी को दी है। वहीं भाजपा के 49 पार्षद जीतकर आए हैं। इस बीच भाजपा संगठन और नगर निगम ने शहर सरकार के चुने प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण को ऐतिहासिक बनाने की कोशिश की। लेकिन यह शपथग्रहण लोगों के बीच चर्चा का विषय तब बन गया, जब चुनी हुई महापौर ने पद और गोपनीय की शपथ लेने में गलती कर दी। कलेक्टर ने सुधार करने की कोशिश की और दोबारा शपथ लेनी पड़ी।
शपथग्रहण में महापौर एल पद्मजा पूजा विधानी ने पद और गोपनीयता की शपथ लेते समय भारत की संप्रभुता और अखण्डता को अक्षुण्ण रखना बोलने में संप्रभुता बोलने की जगह सांप्रदायिकता कह दिया। जिसके बाद मौजूद भीड़ हंसी ठहाके लगाने लगे। बीच में कलेक्टर अवनीश शरण ने सुधार की कोशिश की। वहीं दोबारा शपथ ली। इस वाकये के बाद विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने तंज कसा है। पूर्व महापौर राम शरण यादव ने यह कहा कि भाजपा सांप्रदायिक पार्टी है। जो महापौर के मुंह से निकला वो उनकी पार्टी का चेहरा है।
वहीं नवनिर्वाचित महापौर एल पद्मजा पूजा विधानी ने अपनी सफाई भी मीडिया में दी है। उन्होंने कहा कि मुझसे गलती हुआ होगा, उसे मैने दोबारा पढ़कर शपथग्रहण को पूरा किया। विपक्ष के आरोप पर कहा कि मुझे शपथ लेना नहीं आया, लेकिन पांच साल काम करके दिखाएंगी। विपक्ष को आरोप प्रत्यारोप करने दीजिए। हमें जनता ने बहुमत दिया है, जनता के अनुरूप काम करके दिखाएंगे।
इस बीच पार्षदों के शपथग्रहण में पूरी तैयारी के बाद भी गलती हुई और एक साथ पार्षद बोलने लगे। जिसके बाद कलेक्टर ने उन्हें सही तरह से पद और गोपनीय की शपथ दिलाई। इस बात की चर्चा भी होती रही। शपथ ग्रहण में एक बात और खास रही जहां मुख्यमंत्री को अतिथि बनाया गया था और किसी कारणों से शपथग्रहण में पहुंच नहीं पाए।