हरियाणा में अब निकाय चुनाव के बाद हाेंगे भाजपा संगठन के चुनाव
चंडीगढ़, 4 फ़रवरी। हरियाणा में निकाय चुनाव के ऐलान के साथ ही सत्तारूढ़ भाजपा ने संगठन चुनाव की प्रक्रिया को कुछ समय के लिए टाल दिया है। जिला अध्यक्ष तथा प्रदेश अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया को भी राेक दिया गया है। बुधवार को पार्टी ने चंडीगढ़ व पंचकूला में अहम बैठकें करेगी।
सोमवार को देररात तक मुख्यमंत्री आवास पर चली बैठक में यह फैसला लिया गया। इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी के अलावा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, भाजपा महामंत्री कृष्ण बेदी, सुरेंद्र पूनिया, अर्चना गुप्ता मौजूद रहे। इस बैठक में सहमति बनी की निकाय चुनाव के चलते अभी भाजपा के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया को रोक दिया जाए। जिसके चलते जिला अध्यक्षों के चुनाव निकाय चुनाव के बाद करवाने पर भी गहन मंथन किया गया। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव पहले ही होल्ड पर डाल चुकी है।
रविवार की रात बैठक में यह साफ हो गया है कि निकाय चुनाव प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के नेतृत्व में ही लड़े जाएंगे। क्योकि अब प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव भी निकाय चुनाव के बाद ही होगा। पार्टी की ओर से मंगलवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार बुधवार की सुबह मुख्यमंत्री आवास भाजपा की बड़ी बैठक होगी। जिसमें पार्टी के सभी विधायक, विधानसभा प्रत्याशी, जिला अध्यक्ष तथा जिला प्रभारी मौजूद रहेंगे।
इस बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया भी भाग लेंगे। इस बैठक में निकाय चुनाव के संबंध में विधायकों तथा संगठन के पदाधिकारियों को बकायदा टास्क देकर फील्ड में उतारा जाएगा। बुधवार को ही सीएम आवास की बैठक के बाद पार्टी ने पंचकूला स्थित मुख्यालय में कोर कमेटी की बैठक बुला ली है। इस बैठक में पार्टी के कोर कमेटी सदस्य भाग लेंगे। बैठक में निकाय चुनाव, सरकार व संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।