धधकता लॉस एंजेलिस ! अबतक 24 लोगों की मौत, 12000 से ज्यादा घर स्वाहा

0
धधकता लॉस एंजेलिस ! अबतक 24 लोगों की मौत, 12000 से ज्यादा घर स्वाहा

लॉस एंजेलिस : अमेरिका इन दिनों आग के भयानक प्रकोप से जूझ रहा है । करीब एक हफ्ते का वक्त गुजर चुका है लेकिन लॉस एंजेलिस शहर अब भी धधक रहा है । आग ने ऐसी तबाही मचाई है जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी । कैलिफोर्निया के जंगलों से शुरू हुई आग ने पूरे शहरी इलाके को अपनी चपेट में ले लिया ।

अधिकारियों ने रविवार को कहा कि लॉस एंजिल्स में लगी आग से कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है। वहीं लॉस एंजिल्स काउंटी के शेरिफ रॉबर्ट लूना ने कहा कि लापता लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लाखों लोग अपना घर-बार छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाने को मजबूर हुए हैं ।

लॉस एंजिल्स के जिन इलाकों में आग ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई है उनमें पैलिसेड्स , ईटन, हर्स्ट, लिडिया, कैनेथ और आर्चर शामिल है ।
भयानक आग में अबतक 12000 से ज्‍यादा घर स्वाहा हो चुके हैं । अनुमान लगाया जा रहा है कि आग से अबतक 135 बिलियन डॉलर से 150 बिलियन डॉलर तक का नुकसान हो चुका है । हालांकि इस बारे में अभी किसी तरह का आधिकारिक बयान नहीं आया है ।

लॉस एंजिल्स दुनिया के सबसे महंगे इलाकों में से एक माना जाता है बड़े-बड़े रईस और हॉलीवुड की कई मशहूर हस्तियां रहती है । इनमें से कई सेलीब्रिटिज के आलीशान बंगलों को भी आग ने निगल लिया है ।

हॉलीवुड हिल्स में भी आग ने तबाही मचा रखी है । भीषण आग के कारण 97वें अकादमी पुरस्कार के लिए 17 जनवरी को होने वाली नामांकन की घोषणा 19 जनवरी तक स्थगित कर दी गई है । हॉलीवुड में पहले से तय कई इवेंट्स को भी स्थगित कर दिया गया है ।

द न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, सप्ताहांत में दमकल कर्मचारियों को तेज और गरम हवाओं के बीच पैलिसेड्स और ईटन में आग पर काबू पाने में कुछ हद तक कामयाबी मिली । दमकल विभाग के कर्मचारी जंगल में लगी आग को बुझाने में लगे रहे। लेकिन सोमवार देर रात से बुधवार तक क्षेत्र में तेज हवा चलने की आशंका है जिससे लोग भयभीत हैं ।

मौजूदा हालात पर अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न सिर्फ चिंता जाहिर की है बल्कि कैलिफोर्निया के अधिकारियों को भी निशाने पर ले लिया है । अधिकारियों पर अक्षमता का आरोप लगाते हुए ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर कहा, “यह हमारे देश के इतिहास की सबसे भयानक आपदाओं में से एक है। वे आग नहीं बुझा सकते. उन्हें क्या हुआ है?”

अभी ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग किस वजह से लगी । जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी । परन्तु कैलिफोर्निया की इस भीषण आग के लिए कई एक्सपर्ट्स जलवायु परिवर्तन को जिम्मेदार मान रहे हैं । उनका कहना है कि सूखे मौसम और तेज हवा की वजह से आग ने इतना विकराल रुप धारण कर लिया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *