दिल्ली भाजपा अध्यक्ष सचदेवा ने मुख्यमंत्री आतिशी से पूछे चार सवाल

0
सचदेवा ने आतिशी से पूछे चार सवाल

नई दिल्ली :  दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा बुधवार दोपहर कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों के साथ नई दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के समीप स्थित 17 एबी मथुरा रोड बंगले पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह बंगला मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना को आवंटित है, लेकिन इसमें मुख्यमंत्री स्वयं कभी नही रही हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री आतिशी पर सत्ता के दुरुपयोग कर अपने कुछ राजनीतिक साथियों को बंगले में रखने का आरोप लगाया। सचदेवा ने मुख्यमंत्री से चार
सवाल भी किए।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि हम यहां मुख्यमंत्री आतिशी से मिलने आये हैं। उनके न मिलने पर सचदेवा ने मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री से चार सवाल पूछे। सचदेवा ने पहला सवाल पूछ कि आतिशी मार्लेना बताएं 17 एबी मथुरा रोड का बंगला किसको आवंटित है ?

उन्हाेंने दूसरा सवाल किया कि दिल्ली की जनता जानना चाहती है कि क्या यह सच नहीं है कि 17 एबी मथुरा रोड से तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने 1998 से 2004 तक सरकार चलाई थी तो आतिशी मार्लेना क्यों नही चला सकतीं ?

तीसरा सवाल कि आतिशी बतायें कि 2015 से 2024 तक अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री थे तो फिर 6 फ्लैग स्टाफ रोड को मुख्यमंत्री आवास घोषित क्यों नही किया? सचदेवा ने आतिशी से चौथा सवाल पूछा कि आतिशी मार्लेना बतायें कि 17 एबी मथुरा रोड का बंगला, जो उनको आवंटित है, उसमें कौन रहता है ।

सचदेवा ने कहा कि ओछी राजनीति में माहिर आम आदमी पार्टी (आआपा) नेता शीशमहल बंगले की बदनामी से बचने के लिए प्रधानमंत्री आवास पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आवास पर सवाल पूछने से पहले “आआपा” नेता यह जान लें कि प्रधानमंत्री आवास एक दर्जा प्राप्त आवास है, जहां प्रधानमंत्री रहते हैं।

प्रधानमंत्री आवास में जो निर्माण हुए, वह घोषित रूप से हुए जबकि केजरीवाल सरकार ने 6 फ्लैग स्टाफ रोड के बंगले का निर्माण चोरी चुपके नियम तोड़ कर किया। इस माैके पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के साथ प्रदेश मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, विक्रम मित्तल और शुभेन्दु शेखर अवस्थी आदि भी थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *