हिमाचल प्रदेश में ठंड का कहर लेकिन शिमला की रातें मैदानी इलाकों से गर्म

0
हिमाचल में ठंड का कहर

शिमला : हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी है। प्रदेश के पांच शहरों में पारा माइनस में पहुंच गया है। लाहौल-स्पीति जिला का ताबो -14.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। इसी जिला के समधो में न्यूनतम तापमान -9.3 डिग्री, कुकुमसेरी में -6.9 डिग्री, केलंग में -6.2 डिग्री और किन्नौर के कल्पा में -2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया और यह सामान्य से 6.5 डिग्री अधिक है। दिलचस्प बात यह है कि शिमला की रातें अब मैदानी इलाकों से भी ज्यादा गर्म हैं। पिछले 24 घंटों में शिमला के न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके बावजूद प्रदेश के अन्य मैदानी जिले जैसे ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर शिमला से ज्यादा ठंडे हैं।

धूप खिली लेकिन ठंड बरकरार, बिलासपुर में घना कोहरा

हिमाचल प्रदेश के अधिकांश इलाकों में गुरुवार सुबह से ही साफ मौसम और खिली धूप ने लोगों को राहत दी। लेकिन ऊपरी इलाकों में सर्द हवाओं के चलते ठंड बरकरार रही। मैदानी भागों में सुबह-शाम भीषण सर्दी पड़ रही है। बिलासपुर में घना कोहरा छाया रहा, इससे विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई। इसके चलते सुबह के समय वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आने वाले 24 घंटों में बिलासपुर, मंडी, ऊना, कांगड़ा और सोलन में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

चार जनवरी से बदलेगा मौसम, गिरेगी बर्फ, येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि चार जनवरी से प्रदेश में मौसम करवट लेगा। चार से सात जनवरी तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। खासकर शिमला, मनाली और अन्य ऊपरी इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। वहीं मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने पांच और छह जनवरी को अंधड़ और बिजली की तेज चमक को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवाओं और भारी बारिश का भी अनुमान है। पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और मैदानों में अंधड़ व आसमानी बिजली की आशंका के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि आठ जनवरी से प्रदेश भर में मौसम साफ होने की संभावना है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *