पूर्व डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर उद्योग जगत ने जताया शोक 

0
d527927446aa291feda8cb074bc39f06_1435445546

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने भी शोक व्यक्त किया और देश के आर्थिक उत्थान में उनकी भूमिका को सराहा है।

टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कहा कि सिंह उन दिग्गजों में से एक थे जिन्होंने एक नए उदारवादी भारत की कल्पना की थी, जो आज दुनिया में अपना उचित स्थान ले रहा है। चंद्रशेखरन ने अपने शोक संदेश में कहा कि दिवंगत डॉ. मनमोहन सिंह के प्रेरक नेतृत्व ने उन्हें दुनियाभर में सम्मान दिलाया।

उन्होंने बयान में कहा, ‘‘हम पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं, जो उन दिग्गजों में से एक थे जिन्होंने एक नए उदार भारत की कल्पना की थी, जो दुनिया में अपना उचित स्थान ले रहा है।’’ चंद्रशेखरन ने कहा कि डॉ. सिंह को हमेशा उनकी दूरदर्शी सोच तथा गहरी अंतर्दृष्टि के लिए याद किया जाएगा। वे हमेशा विनम्र रहे और अपने व्यक्तिगत मूल्यों को बनाए रखा।

आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने अपने शोक संदेश में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से भारत ने अपने सबसे बड़े नेताओं और बेहतरीन अर्थशास्त्रियों में से एक को खो दिया है। बिड़ला ने अपने बयान में कहा, ‘‘भारत ने अपने सबसे बड़े नेताओं तथा बेहतरीन अर्थशास्त्रियों में से एक को खो दिया है। उन्‍होंने कहा कि 1991 के दशक के उनके क्रांतिकारी सुधारों ने कई दशकों तक आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा दिया। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसने भारत तथा भारतीयों के लिए संभावनाओं के गणित को नया आकार दिया।’’

वहीं, विश्व बैंक के पूर्व मुख्य अर्थशास्त्री कौशिक बसु ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी तेज बुद्धि, सहज विनम्रता तथा व्यक्तिगत ईमानदारी के लिए सराहा जाता है… यह ऐसे गुण हैं जो राजनीति में विरले ही देखने को मिलते हैं। उन्हें न केवल भारत में बल्कि विश्व स्तर पर भी सबसे महान राजनेताओं में से एक के रूप में याद किया जाएगा।

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. सिंह का गुरुवार रात को भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वे 92 वर्ष के थे। कांग्रेस नेता डॉ. मनमोहन सिंह वर्ष 2004 से 2014 तक दस साल देश के प्रधानमंत्री रहे। सिंह प्रधानमंत्री बनने से पहले केन्द्रीय वित्त मंत्री और रिजर्व बैंक के रूप में भी काम कर चुके हैं। वित्त मंत्री के रूप में सिंह ने देश के आर्थिक ढांचे को मजबूत करने के कदम उठाए थे। डॉ. मनमोहन सिंह वैश्विक वित्तीय तथा आर्थिक क्षेत्रों में एक बड़ा नाम था।


प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *