सपा को आगे बढ़ता देख, फोटो खिंचवाने निकले थे राहुल गांधी : स्वाती

0
images

लखनऊ : इस समय सपा और कांग्रेस में तुष्टिकरण प्रतियोगिता चल रही है। समाजवादी पार्टी को इसमें आगे बढ़ता देख राहुल गांधी ने उनसे बड़ी फोटो खिंचवाने के लिए संभल में पिकनिक मनाने के लिए निकले थे। उनको किसी की संवेदना से मतलब नहीं है। आखिर एक संवेदनशील नेता कहीं भी आग बुझाने के लिए निकलेगा, लगाने के लिए नहीं। राहुल गांधी तो बुझी हुई आग को लगाना चाहते हैं। लोगों को भड़काने की उनकी नीयत है। ये बातें भाजपा नेता और पूर्व मंत्री स्वाती सिंह ने कही।

राहुल गांधी की यात्रा पर उन्होंने कहा कि वे सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए घर से निकले थे। वे जानते थे कि पुलिस उन्हें आगे बढ़ने नहीं देगी। इस कारण वे घर से फोटो खिंचवाने निकले और पुन: घर में चले गये। उनके द्वारा हाथ में प्रतिकात्मक संविधान की किताब लेने पर कहा कि कांग्रेस खुद द्वारा संविधान को तोड़ने की पाप किये जाने का प्रायश्चित का ढोंग कर रही है। संविधान का सबसे ज्यादा अपमान कांग्रेस ने किया है। आपात काल के दौरान कांग्रेस ने मनमाने ढंग से संविधान को बदला।

स्वाती सिंह ने कहा कि विपक्ष की एकजुटता ही सिर्फ एक समुदाय को अपने पक्ष में करने के लिए है। कांग्रेस अडाणी मुद्दे पर फंसी थी और सपा इसमें बढ़त बना रही थी। यही कारण है कि राहुल को बाहर निकलकर बताना था कि वे समुदाय विशेष के हितैषी हैं। उन्हें सिर्फ दिखाना था और दिखाकर चले गये। उनसे किसी के हित से कुछ भी लेना-देना नहीं है।

स्वाती सिंह ने कहा कि जहां पर पाकिस्तान निर्मित गोलियां मिल रही हों। प्रशासन हर वक्त शांति बनाये रखने के लिए दिन-रात एक किया हो, वहां पर जाकर आखिर राहुल गांधी संदेश क्या देना चाहते हैं। राहुल गांधी की झूठी राजनीति को जनता समझ चुकी है। आने वाले चुनाव में राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी का जनता पत्ता साफ कर देगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *