कांग्रेस ने सेक्युलर और समाजवादी शब्द संविधान में चोरी से जोड़ा : योगी आदित्यनाथ

0
4e732ced3463d06de0ca9a15b6153677_177807670

लखनऊ : ‘संविधान दिवस’ के अवसर पर लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाबा साहब आम्बेडकर ने भारत के संविधान को भारत के अनुरूप बनाकर एक भारत श्रेष्ठ भारत की आधारशिला को पुख्ता किया था। संविधान सभा में अलग—अलग सत्रों के माध्यम से न्याय समता व बंधुता प्राप्त करने के लिए जो निचोड़ आया आज वह संविधान के रूप में हमारे सामने है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता के कारण आज हम संविधान दिवस मना रहे हैं।

मुख्यमंत्री याेगी ने कहा कि भारत का मूल संविधान जिसे बाबा साहब आम्बेडकर ने अंगीकार किया था, उस संविधान में सेक्युलर और समाजवादी शब्द नहीं था। कांग्रेस ने चोरी छिपे इन शब्दों को संविधान में डालने का काम किया। जिन लोगों ने संविधान का गला घोंटने का काम किया था, जनता ने उनको सबक सिखाने का काम किया। 1975 में आपातकाल रहा हो या भारत के बाहर जाकर दलित व पिछड़ी जाति के लोगों को मिले अधिकारों पर टिप्पणी करना।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत के संविधान ने समान मतदान का अधिकार दिया है। दुनिया के अनेक देशों ने अपने सभी नागरिकों को मतदान का अधिकार नहीं दिया। भारत के संविधान ने प्रथम आम चुनाव में ही सबको समान मताधिकार दिया था। दुनिया के अनेक देशों ने महिलाओं को मतदान का अधिकार प्रदान नहीं किया था। भारत का संविधान भारत के नागरिकों का संरक्षण, सम्मान व अधिकार प्रदान करता है। बाबा साहब की धरोहर जो भारत का संविधान है, उसका संरक्षण करना हम सबका दायित्व है।

हर घर में संविधान की प्रति होनी चाहिए : केशव प्रसाद मौर्य

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज का दिन बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है। आजादी के अमृतकाल में हर घर तिरंगा अभियान चलाया था। इस दौरान हर घर में तिरंगा फहराया गया। अब समय आ गया है कि हर घर में संविधान की प्रति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज केशव प्रसाद मौर्य यहां खड़ा है तो संविधान के कारण खड़ा है। अगर आज ओबीसी आयोग को संवैधानिक अधिकार मिला है तो संविधान के कारण मिला है। अगर आज द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति हैं तो बाबा साहब के संविधान के कारण बनी हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, भगवान बुद्ध और सम्राट अशोक सबका चित्र है।

 

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि हमारा संविधान दुनिया का सर्वश्रेष्ठ संविधान है। 2014 को मोदी सरकार आने के बाद पिछड़ों, दलितों व वंचितों को उनका अधिकार मिला। आज हम कह सकते हैं डाॅ. भीमराव आम्बेडकर के पंचतीर्थों को विकसित करने का काम मोदी सरकार ने किया है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज कुछ लोग संविधान की प्रति लेकर घूम रहे हैं। लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस ने बाबा साहब को धोखा दिया। कांग्रेस ने डाॅ. आम्बेडकर को चुनाव में हराने का काम किया था।

बाबा साहब ने समरसता की बात की थी। आम्बेडकर की सोच के मुताबिक हर नागरिक को उसका अधिकार मिलना चाहिए। हर नागरिक के जीवनस्तर को उठाने का काम भाजपा सरकार कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहब की सोच के मुताबिक आज देश प्रगति कर रहा है।

संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि दूसरों के अधिकारों की रक्षा हम तभी कर पायेंगे जब हम अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे। अगर हम कानून का शासन देंगे तभी लोगों को न्याय मिल पायेगा। हमारे शासन में न्यायपालिका को स्वतंत्र रखा गया है। बहुत सी बातें कही गयीं कि आरक्षण को खत्म किया जा रहा है। दुष्प्रचार की बातें नहीं होनी चाहिए। संविधान में संशोधन करते हुए आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के लोगों को भी 10 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।

इस अवसर पर लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, एमएलसी लालजी प्रसाद निर्मल, विधायक डाॅ. नीरज बोरा, विधायक ओपी श्रीवास्तव व अनुसूचित जन जाति आयोग के अध्यक्ष वैजनाथ रावत उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *