बिहार कोकिला शारदा सिन्हा के निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने जताया शोक

0
शारदा सिन्हा का निधन

नई दिल्ली : बिहार की स्वर कोकिला शारदा सिन्हा के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शोक संवेदना व्यक्त की है। राष्ट्रपति ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि, ‘ बिहार कोकिला के रूप में प्रसिद्ध गायिका डॉक्टर शारदा सिन्हा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।

बिहारी लोक गीतों को मैथिली और भोजपुरी में अपनी मधुर आवाज़ देकर शारदा सिन्हा जी ने संगीत जगत में अपार लोकप्रियता पायी। आज छठ पूजा के दिन उनके मधुर गीत देश-विदेश में भक्ति का अलौकिक वातावरण बना रहे होंगे।

उन्हें वर्ष 2018 में कला के क्षेत्र में पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया था। उनका सुमधुर गायन अमर रहेगा। मैं उनके परिवारजन एवं प्रशंसकों के प्रति गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं । ‘

शारदा सिन्हा के निधन पर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने भी जताया शोक

बिहार की स्वर कोकिला शारदा सिन्हा के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शोक संवेदना व्यक्त की है।

पीएम मोदी ने एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा कि, ‘ सुप्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनके गाए मैथिली और भोजपुरी के लोकगीत पिछले कई दशकों से बेहद लोकप्रिय रहे हैं।

आस्था के महापर्व छठ से जुड़े उनके सुमधुर गीतों की गूंज भी सदैव बनी रहेगी। उनका जाना संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं । ‘

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा कि, ‘अपनी मधुर आवाज़ से पांच दशकों से अधिक समय तक भारतीय संगीत को नई ऊंचाई देने वाली शारदा सिन्हा जी के निधन से अत्यंत दुखी हूं।

बिहार कोकिला के रूप में प्रसिद्ध शारदा सिन्हा जी ने मैथिली और भोजपुरी लोकगीतों को जन-जन का कंठहार बनाया और पार्श्व गायिका के रूप में फिल्म जगत को मंत्रमुग्ध करतीं रहीं। पूर्वांचल के लोक संस्कार उनकी आवाज़ के बिना अधूरे लगते हैं। इस छठ महापर्व पर उनका स्वर भक्तों को निश्चय ही और भी भावुक करेगा।

दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं। छठी मैया दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें।’

उल्लेखनीय है कि छठ पर्व के नहाय खाय के दिन पद्म पुरस्कार से सम्मानित बिहार की स्वर कोकिला शारदा सिन्हा का निधन हो गया । मंगलवार को उन्होने 72 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली।

शारदा सिन्हा का सेप्टिसीमिया के परिणामस्वरूप रिफ्रैक्टरी शॉक के कारण रात 9.20 बजे निधन हो गया । सोमवार की शाम को ही शारदा सिन्हा की तबीयत अधिक बिगड़ गयी थी और उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट करना पड़ा था।

मंगलवार को उनके बटे अंशुमान सिंहा ने एक्स पर पोस्ट करके जानकारी दी कि आप सब की प्रार्थना और प्यार हमेशा मां के साथ रहेंगे। मां को छठी मईया ने अपने पास बुला लिया है। मां अब शारीरिक रूप में हम सब के बीच नहीं रहीं।


प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *