भाजपा ने उतारे सभी प्रत्याशी,उम्मीदवारों ने किया जीत का दावा

0

बुलंदशहर,15 जनवरी(हि.स.)। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए जनपद बुलंदशहर की सभी सातों विधानसभा सीटों पर भाजपा ने आज अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया। भारतीय जनता पार्टी ने जनपद की 07 विधानसभा सीटों में से 04 विधानसभा सीट पर अपने प्रत्याशी बदले हैं।

बुलंदशहर सदर सीट पर बीजेपी ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रदीप चौधरी को अपने प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारा है। सदर सीट से निवर्तमान विधायक ऊषा सिरोही का टिकट काटा गया है। बात करें सिकंदराबाद विधानसभा सीट की तो यहां भाजपा के युवा नेता लक्ष्मी राज सिंह ने सबको चौंकाते हुए टिकट की दौड़ में जीत हासिल की।

दो बार की विधायक रहीं बिमला सोलंकी का टिकट इस बार काट दिया गया। वहीं शिकारपुर विधानसभा सीट पर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री और निवर्तमान विधायक अनिल शर्मा को एक बार फिर से टिकट दीया है। खुर्जा विधानसभा सीट पर निवर्तमान विधायक बिजेंद्र खटीक का टिकट काटकर मीनाक्षी सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है।

इसी के साथ डिबाई विधानसभा सीट के लिए निवर्तमान विधायक अनीता लोधी का टिकट काटकर सीपी सिंह को प्रत्याशी बनाया। अनूपशहर विधानसभा सीट पर निवर्तमान विधायक संजय शर्मा अपना टिकट बचाने में कामयाब रहे। इसी के साथ स्याना विधानसभा सीट पर निवर्तमान विधायक देवेंद्र लोधी पर एक बार फिर से भाजपा ने विश्वास जताते हुए स्याना से उम्मीदवार के तौर पर उतारा है।

उम्मीदवारों के नाम का ऐलान होने के बाद सभी प्रत्याशी भाजपा के जिला कार्यालय पर पहुंचे, जहां जिला इकाई द्वारा उनका स्वागत किया गया। सभी प्रत्याशियों ने हाईकमान का धन्यवाद देते हुए विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने का दावा किया। जिलाध्यक्ष अनिल सिसोदिया ने कहा कि हाईकमान द्वारा चुनावी मैदान में उतारे गए सभी प्रत्याशियों को पूरी ताकत के साथ चुनाव लगाया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *