ये चुनाव 80 बनाम 20 के बीच, बीस प्रतिशत पर सिमटेगा विपक्ष : योगी

0

-मुख्यमंत्री योगी बोले, माफियाओं के खिलाफ बुलडोजर चला है और आगे भी चलेगा
-उप्र में 10 मार्च को प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकार : योगी
-आईसीयू में पड़ी काग्रेंस के लिए मैराथन की दौड़ मुश्किल
-जो कहा वो किया जो कह रहे वो आगे भी करके दिखाएंगे : सीएम योगी
-सपा मुखिया अखिलेश को सपने में कृष्ण कोसने आते हैं : योगी
लखनऊ, 10 जनवरी (हि.स.)। मैं तो आया ही हूं भ्रम तोड़ने, कहा जाता था कि जो नोएडा जाता है वह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाता। मैंने तो अपना कार्यकाल पूरा भी किया और आगे भी हम सरकार बनाने जा रहे हैं। ये चुनाव 80 प्रतिशत और 20 प्रतिशत का है, 80 प्रतिशत हमारे साथ हैं और जो 20 प्रतिशत विपक्ष के साथ हैं वह अपराधियों के साथ हैं, भ्रष्टाचार के साथ हैं, माफियाओं के साथ हैं।
ये बातें सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक साक्षात्कार में कहीं। उन्होंने कहा कि हमने प्रदेश में कानून व्यवस्था बदली है। पहले प्रदेश में क्राइम की बड़ी-बड़ी रिपोर्ट सामने आती थी। कैराना में लोगों का पलायन होता था, अब वहां लोग वापस आ रहे हैं और अपराधियों का पलायन हुआ है। हमने प्रदेश में सुरक्षा देने का मौहाल बनाया है। हर नागरिक, बेटी, गरीब को सुरक्षा दी है। पहले जो माफिया थे, उनके खिलाफ बुलडोजर चला है और आगे भी चलेगा।
काग्रेंस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की करतूतंे सबके सामने हैं, काग्रेंस नकारात्मक राजनीति कर रही है। कांग्रेस ने अगर आजादी के बाद तुष्टीकरण को न अपनाया होता तो आज देश में आतंकवाद, अलगाववाद, नक्सलवाद कभी न होता। कांग्रेस राम के अस्तित्व को नकार रही थी तो सपा, बसपा उसका समर्थन कर रहे थे। कांग्रेस की असलियत तो सबके सामने आ रही है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। कांग्रेस आईसीयू में पड़ी है और उससे कहा जाए कि मैराथन की दौड़ लगाना है, उनकी तो यही स्थिति है। आज चुनाव हैं तो सभी राम का नाम ले रहे हैं। हमने तो जो कहा वो करके दिखाया। जो 2017 में कहा था वो भी किया, जो अब कह रहे हैं वो आगे भी करके दिखाएंगे।
कृष्ण अखिलेश को सपने में कोसने आते हैं
सीएम योगी ने कहा कि भगवान राम अगर मेरे सपने में नहीं आएंगे तो किसके सपने में आएंगे। भगवान कृष्ण भी मेरे सपने में आते हैं। उनके सपने में भगवान कृष्ण आ रहे हैं तो उन्हें कोसने के लिए आते हैं कि जब मौका दिया तो मुझे ही नकार दिया, दंगा कराया।
किसानों के मुद्दों पर योगी ने कहा कि किसानों के हितों के लिए पांच सालों में जो हमने किया वो 50 सालों में नहीं हुआ। गन्ना किसानों के हितों में कई काम हुए हैं। उनके बकाए का भुगतान किया गया है। कई बंद शुगर मिलें चालू हुई हैं। वहीं, राकेश टिकैत की काट पर सीएम ने कहा कि हम अपने मुद्दे पर चुनाव लड़ रहे हैं। हम उसके लिए प्रतिबद्ध नहीं जो हर जगह सौदेबाजी कर रहा हो। हमारी जवाबदेही जनता के प्रति है।
10मार्च को प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकार
योगी ने कहा कि 10 मार्च को प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। हमारे लिए सत्ता, सेवा का साधन है। हम बिना भेदभाव के प्रदेश की सेवा के लिए कार्य कर रहे हैं। अभी चुनाव की तैयारी चल रही है। हमारी डबल इंजन की सरकार ने जो काम किया उसे लगातार बढ़ा रहे हैं। बीजेपी अपने मुद्दों पर चुनाव लड़ती है। उन्होंने कहा कि हम जनता के हित में काम करेंगे। महत्वपूर्ण ये है कि भारतीय जनता पार्टी जीतनी चाहिए।
37 साल बाद सीएम के रिपीट न होने का मिथक भी टूटेगा
यूपी में सीएम के रिपीट नहीं करने के सवाल पर सीएम योगी ने कहा कि पहले नोएडा को लेकर भी भ्रम था। अखिलेश यादव कहते थे कि जो मुख्यमंत्री नोएडा जाता है वह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाता है। लेकिन मैं गया और ये भ्रम टूटा। इसलिए 37 साल बाद सीएम के रिपीट न होने का मिथक भी टूटेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *