हार के डर से बहाने खोज रहा विपक्ष : डा. दिनेश शर्मा

0

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला और कहा कि विपक्ष विधानसभा चुनाव में हार के डर से बहाने खोजने लगा है। वह पहले ईवीएम पर तोहमत मढ़ते थे तो अब डिजिटल खतरा हो गया है। उन्होंने कहा कि येन केन प्रकारेण सत्ता पर काबिज होने का विपक्ष का मंसूबा पूरा नहीं होने वाला है। दस मार्च को विपक्ष की विदाई और भाजपा के लिए बधाई का दिन होगा।

राजधानी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि भाजपा के विकासवाद के आगे विपक्ष के परिवारवाद, सम्प्रदायवाद , क्षेत्रवाद जातिवाद ढेर हो चुके हैं। चुनाव आते ही जाति धर्म और क्षेत्र के आधार पर लोगों को बांटकर जीत हासिल करने का विपक्ष का फार्मूला अब चलने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि करीब सात साल पूर्व से जो विकासवाद की अवधारणा आरंभ हुई है तथा केन्द्र और राज्य सरकार के समन्वय ने विपक्ष के परिवारवाद जैसे सभी प्रकार के वाद चलाकर जीतने वाले फार्मूले की धार कुंद कर दी है। अब प्रदेश में केवल विकासवाद ही चलेगा तथा उसी आधार पर भाजपा 2014 के बाद से प्रचंड बहुमत से सभी चुनावों में जीत हासिल कर रही है।

डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि सपा बसपा कांग्रेस सहित तमाम दलों के चुनाव चिन्ह भले ही अलग हैं पर इनका दिल दिमाग सिद्धान्त नीति उद्देश्य एक हैं। वे येन केन प्रकारेण सत्ता पर काबिज होना चाहते हैं लेकिन उनका यह सपना पूरा नहीं होने वाला है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जाति के आधार पर कोई काम नहीं करती है। भाजपा ने सबका साथ सबका विकास के मंत्र के आधार पर सरकार चलाई है। इस दौरान हर वर्ग के लोगों के लिए काम हुआ है। किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं हुआ है। विरोधी दल जाति और धर्म के आधार पर केवल चुनावी राजनीति के लिए गठजोड़ करते हैं। भाजपा ने सभी जातियों व धर्मों के लिए काम किया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *