प्रधानमंत्री ने मेरठ में रखी मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की आधारशिला

0

मेरठ, 02 जनवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मेरठ के सलावा में 700 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी। इसके लिये वे दिल्ली से हवाई मार्ग की बजाय सड़क मार्ग से मेरठ पहुंचे।
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने से पहले ओलंपिक और पैरालंपिक खिलाड़ियों से बातचीत की। इस दौरान उनके साथ प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी उपस्थित थे।
बातचीत के अंत में उन्होंने सभी खिलाड़ियों के साथ तस्वीर भी खिंचवायी। यहां उन्होंने खेल उत्पाद से जुड़ी समग्रियों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान वे कुछेक खेल सामग्रियों का उपयोग कर उसका अनुभव लेते भी दिखे।
इससे पूर्व अपनी मेरठ यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने 1857 की क्रांति के इतिहास को याद करते हुये राजकीय स्वतंत्रता संग्राम संग्रहालय का निरीक्षण किया। यह अपने तरह का पहला संग्रहालय है, जहां स्वतंत्रता संग्राम से संबंधित पत्रों की प्रतियां, सैनिकों की वर्दियों के साथ-साथ अन्य दुर्लभ चीजें भी मौजूद हैं।
विश्वविद्यालय की स्थापना देश के हर भाग में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना स्थापित करने के विषय में प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप है। यह विश्वविद्यालय मेरठ के सरधना कस्बे में स्थित सलावा और कैली गांव में स्थापित किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय में 540 महिला और 540 पुरुष खिलाड़ियों को मिलाकर कुल 1080 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने की क्षमता होगी। खेल विश्वविद्यालय आधुनिक और उत्कृष्ट खेल अवसंरचना से युक्त होगा।
विश्वविद्यालय में सिंथेटिक हॉकी मैदान, फुटबाल मैदान, बास्केटबॉल के साथ-साथ वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी ग्राउंड समेत बहुउद्देश्यीय हॉल भी तैयार किया जायेगा। विश्वविद्यालय में निशानेबाजी, तीरंदाजी के साथ अन्य खेलों की सुविधायें भी रहेंगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *