मॉडर्न ग्रुप ने 15 गांवों के एक हजार से अधिक निर्धन बुजुर्गों को कंबल दान कर नववर्ष का किया आगाज
नवादा, 01 जनवरी (हि.स.)। अंग्रेजी कैलेंडर नूतन वर्ष-2022 के उपलक्ष्य में सभी लोग अपने परिवार के साथ पिकनिक, यात्रा और पार्टी मना रहे हैं, वहीं इन सब से दूर शनिवार को मॉडर्न शैक्षणिक समूह के अध्यक्ष डॉ.अनुज कुमार, सचिव डॉ. शैलेश कुमार, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार, रंजीत कुमार और संजय कुमार ने अपने परिवार के साथ मिलकर बेसहारा, गरीब वृद्ध जनों और असहाय महिलाओं को कंबल वितरित करके मनाया।
नव वर्ष में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी का प्रकोप अपने चरम पर है, सूरज देवता भी बादलों की रजाई ओढ़कर ठंड के मारे निकलने से इनकार कर चुके हैं और इस कारण ठिठुरते गरीब बुजुर्गों और बेसहारा महिलाओं को अपनी जान बचाना मुश्किल हो गया है। ऐसी परिस्थिति में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भीषण ठंड से उनकी सुरक्षा करने की पवित्र भावना से प्रेरित लक्ष्य एडुकेशनल एण्ड वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. अनुज कुमार, सचिव डॉ. शैलेश कुमार एवं इनके बड़े भाई अशोक कुमार ने शहर के कुन्तीनगर में स्थित मॉडर्न इंगलिश स्कूल के प्रांगण में एक हजार से अधिक बुजुर्गों को कंबल प्रदान कर ठंड से जीवन-रक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस शुभ अवसर पर नवादा शहर के आसपास के गांवों घंघौली, खरीदीबीघा पिपरपाती, चुटकीयाबीघा, शिवचरणबीघा, सोहजाना, नेया, भगवानपुर, जैसीनबीघा, कलक्टरबीघा, बुधौल,कुंतीनगर और सिसवां आदि गांव के निर्धन परिवार के बुजुर्गों को कंबल वितरित करके ठंड से बचने का आधार प्रदान किया गया।
