हम केएल राहुल को कप्तानी की भूमिका के लिए तैयार कर रहे हैं : चेतन शर्मा

0

मुंबई, 1 जनवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय वरिष्ठ चयन समिति के अध्यक्ष चेतन शर्मा ने कहा है कि चयनकर्ता केएल राहुल को कप्तानी की भूमिका के लिए तैयार कर रहे हैं।
केएल राहुल, जो शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला में उप-कप्तान की भूमिका निभा रहे हैं,को चोटिल रोहित शर्मा की जगह एकदिवसीय श्रृंखला के लिए भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। जबकि जसप्रीत बुमराह तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए उप-कप्तान की भूमिका में होंगे।
केएल राहुल को भविष्य के लिए तैयार करने के बारे में, चेतन शर्मा ने शुक्रवार को आयोजित एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “निश्चित रूप से हम वर्तमान में केएल राहुल को देख रहे हैं। वह तीनों प्रारूप के खिलाड़ी हैं और उन्हें कप्तानी का अच्छा अनुभव मिला है और उन्होंने अपने नेतृत्व को साबित भी किया है”
कप्तानी बहुत जिम्मेदारी के साथ आती है और कर्नाटक के इस खिलाड़ी को इसकी आदत है क्योंकि वह इंडियन प्रीमियर लीग में पहले ही पंजाब किंग्स टीम की कप्तानी कर चुके हैं।
शर्मा ने कहा, “जैसे रोहित फिट नहीं है और हमने सोचा कि केएल सर्वश्रेष्ठ होगा जो टीम को संभाल सकता है और इसलिए हमें राहुल पर भरोसा किया है और हम उसे तैयार कर रहे हैं।”
भारत वर्तमान में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर है और तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला का पहला मैच जीतकर 1-0 से आगे है। टेस्ट श्रृंखला के बाद तीन मैचों की एकदिनी श्रृंखला खेली जाएगी, जिसका पहला मैच 19 जनवरी, दूसरा मैच 21 जनवरी और तीसरा मैच 23 जनवरी को खेला जाएगा।
एकदिवसीय श्रृंखला के लिए मोहम्मद शमी को आराम दिया गया है जबकि अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा चोटिल हैं।
भारत की एकदिवसीय टीम इस प्रकार है: केएल राहुल (कप्तान), शिखर धवन, रुतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, सूर्य कुमार यादव, श्रेयस अय्यर, वेंकटेश अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), युजवेन्द्र चहल, रविचंद्रन अश्विन, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, प्रसिद्ध कृष्णा, शार्दुल ठाकुर और मो. सिराज।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *