प्रधानमंत्री ने नये साल की शुभकामनाएं दी

0

नई दिल्ली, 1 जनवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को नये साल की शुभकामनाएं देते हुये कामना की है कि यह वर्ष सभी के जीवन में ढेर सारी खुशियां और अच्छा स्वास्थ्य लेकर आए।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, “2022 मुबारक! यह वर्ष सभी के जीवन में ढेर सारी खुशियाँ और अच्छा स्वास्थ्य लेकर आए। हम प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुएं और अपने महान स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को पूरा करने के लिए और भी अधिक मेहनत करें।”
प्रधानमंत्री ने अपने पिछले माह की ‘मन की बात’ का अंश भी साझा किया। इसमें उन्होंने कहा कि हर नई शुरुआत अपने सामर्थ्य को पहचानने का भी एक अवसर लाती है। जिन लक्ष्यों की पहले हम कल्पना भी नहीं करते थे। आज देश उनके लिए प्रयास कर रहा है। हमारे यहां कहा गया है- क्षणश: कणशश्चैव, विद्याम् अर्थं च साधयेत्। क्षणे नष्टे कुतो विद्या, कणे नष्टे कुतो धनम्।| यानि, जब हमें विद्या अर्जित करनी हो, कुछ नया सीखना हो, करना हो, तो हमें हर एक क्षण का इस्तेमाल करना चाहिए। और जब हमें, धन अर्जन करना हो, यानि उन्नति-प्रगति करनी हो तो हर एक कण का, यानि हर संसाधन का, समुचित इस्तेमाल करना चाहिए। क्योंकि, क्षण के नष्ट होने से, विद्या और ज्ञान चला जाता है, और कण के नष्ट होने से, धन और प्रगति के रास्ते बंद हो जाते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बात हम सब देशवासियों के लिए प्रेरणा है। हमें कितना कुछ सीखना है, नए-नए नवाचार करने हैं, नए-नए लक्ष्य हासिल करने हैं, इसलिए, हमें एक क्षण गंवाए बिना लगना होगा। हमें देश को विकास की नयी ऊंचाई पर लेकर जाना है, इसलिए हमें अपने हर संसाधन का पूरा इस्तेमाल करना होगा। यह एक तरह से, आत्मनिर्भर भारत का भी मंत्र है, क्योंकि, हम जब अपने संसाधनों का सही इस्तेमाल करेंगे, उन्हें व्यर्थ नहीं होने देंगे, तभी तो हम लोकल की ताकत पहचानेंगे, तभी तो देश आत्मनिर्भर होगा।
उन्होंने देशवासियों का आह्वान करते हुये कहा, आईये हम अपना संकल्प दोहरायें कि बड़ा सोचेंगे, बड़े सपने देखेंगे, और उन्हें पूरा करने के लिए जी-जान लगा देंगे। और, हमारे सपने केवल हम तक ही सीमित नहीं होंगे। हमारे सपने ऐसे होंगे जिनसे हमारे समाज और देश का विकास जुड़ा हो, हमारी प्रगति से देश की प्रगति के रास्ते खुलें और इसके लिए, हमें आज ही लगना होगा, बिना एक क्षण गंवाए, बिना एक कण गंवाये।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *