मंत्रिमंडल की बैठक में पार्टी की जीत पर जनता का किया धन्यवाद

0

देहरादून, 11 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ जनादेश मिलने पर जनता का धन्यवाद किया गया।
मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों पर विश्वास व्यक्त करते हुए प्रचंड बहुमत का जनादेश मिला। इसके लिए उन्होंने जनता का धन्यवाद व्यक्त किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व के लिए भी धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार उत्तराखंड को देश का आदर्श राज्य बनाने के संकल्प को पूरा करेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में संचालित हो रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं में चारधाम सड़क परियोजना, चारधाम रेल नेटवर्क, केदारनाथ पुनर्निर्माण परियोजना, भारतमाला सड़क परियोजना सहित प्रदेश हित में एक लाख करोड़ से अधिक धनराशि की विभिन्न परियोजनाओं की स्वीकृति देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने जन कल्याणार्थ राज्य में संचालित योजनाओं एवं परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन में सहयोग देने के लिए मंत्रिमंडल के सहयोगियों, विधायकगणों, प्रदेश के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी धन्यवाद दिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *