गेहूं की फसल की आड़ में किसान बो रहा था अफीम

0

अजमेर, 01 मार्च(हि.स.)। अरांई थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गेहूं की फसल की आड़ में बोई जा रही अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने खेत से बड़ी मात्रा में अफीम के पौधे जप्त किए हैं।
थाना प्रभारी जय सुल्तान सिंह कविया ने बताया कि इंदोली गांव में गणेश डूक्या नाम के व्यक्ति के खेत में गेहूं की फसल की आड़ में लगभग 1260 फीट की लंबी क्यारी बनाकर अफीम की फसल बोई हुई थी जिसको मुखबिर की सूचना पर जप्त कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है वहीं आरोपित मौके से फरार है।
दूर से ही नजर आती है सफेद फूलों की अफीम की खेती
अरांई थाना पुलिस के द्वारा की गई इस कार्रवाई से जहां क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं दूसरी और ग्रामीणों ने कहा कि अफीम की खेती करना बहुत ही मुश्किल काम होता है क्योंकि अफीम की फसल के पौधे एक अलग ही रंग रूप के होते हैं और इसके फूल काफी बडे़ और सफेद रंग के होते हैं जिससे इसको हर कोई पहचान सकता है, लेकिन बड़ी संख्या में गेहूं की फसल बोई होने से कई बार इसका पता नहीं चलता।
वजन में लगभग 213 किलो पौधे जब्त
थाना प्रभारी जय सुल्तान सिंह कविया ने बताया कि उक्त फसल इंदोली गांव में गणेश डूक्या के नाम के व्यक्ति के खेत में बोई हुई थी जो कि लगभग 10 फीट चौड़े और 120 फीट लंबाई के क्षेत्रफल में क्यारी बनाकर अफीम की खेती की जा रही थी जिसको पुलिस ने उखाड़ कर पुलिस थाने लाकर वजन किया गया, जिसका वजन लगभग 213 किलो हुआ, जबकि पौधों की गिनती नहीं की गई है। पुलिस आगे कार्रवाई कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *