सोनीपत: एनसीआर में समयावधि पूरी कर चुके डीजल-पेट्रोल वाहन होंगे प्रतिबंधित: मूलचंद शर्मा

0

-पीएम नरेंद्र मोदी सीएम मनोहर लाल के शासन में भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं
– 250 मिनी बस, 150 लग्जरी बसें व 50 वोलवो सहित 1000 नई बसें और करेंगे शामिल
-छह माह के पश्चात हरियाणा रोडवेज के लिए पुन: 1000 नई बसों को शामिल किया जाएगा
सोनीपत, 21 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र अंतर्गत आने वाले डीजल व पेट्रोल के सभी वाहनों को प्रतिबंधित किया जाएगा जिनकी समयावधि 10 व 15 वर्ष की पूर्ण हो चुकी है। डीजल वाहनों के लिए दस तथा पैट्रोल वाहनों की समय सीमा 15 वर्ष निर्धारित है। वे सोमवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण रोकने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। हरियाणा रोडवेज की बस गरीबों का हवाई जहाज हैं, इस बेड़े को विशेष मजबूती देने के लिए 809 नई बसें ली जा चुकी हैं, जिन्हें बेड़े में शामिल किया जाएगा। सोनीपत की मांग के अनुसार जिले को बस उपलब्ध करवाई जाएगी। परिवहन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में 1000 नई बसें, 250 मिनी बस, 150 लग्जरी बसें तथा 50 वोलवो बसें हरियाणा रोडवेज के बेड़े में शामिल करेंगे। छह माह बाद पुन: 1000 नई बसें हरियाणा रोडवेज के बेड़े में शामिल की जाएगी। बस सेवा को सुदृढ़, प्रभावी और बेहतरीन बनाया जा रहा है।
सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि 134-ए के तहत निजी विद्यालयों को विद्यार्थियों को दाखिले देने चाहिए। यदि कोई विद्यालय निर्देशों व नियमों की अवमानना करता है तो उसके विरूद्घ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। भ्रष्टाचार को लेकर पूछे गये सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार को खत्म किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के शासन में भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है।
एक सवाल के जवाब में परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि पांच राज्यों के चुनावों में भाजपा जीत का परचम लहराएगी। भाजपा का परचम पूरे देश में फैलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 55 वर्ष का शासन जनता देख चुकी है। अब कांग्रेस में भगदड़ मची हुई है। इस अवसर पर गन्नौर की विधायक निर्मल चौधरी, जननायक जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष पदम सिंह दहिया, उपायुक्त ललित सिवाच तथा अतिरिक्त उपायुक्त शांतनू शर्मा मौजूद थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *