पूर्व मंत्री शिवकुमार बेरिया समेत कई नेता भाजपा में शामिल

0

लखनऊ, 30 जनवरी (हि.स.)। सपा के कद्दावर नेता एवं पूर्व मंत्री शिवकुमार बेरिया, सपा एमएलसी रमेश मिश्र समेत कई नेताओं ने सोमवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा की ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेई ने सभी नेताओं को सदस्यता दिलाई। भाजपा की सदस्यता लेने वालों में विधायक बाला प्रसाद अवस्थी का भी नाम है।
बाला प्रसाद अवस्थी भाजपा के टिकट पर 2017 के विधानसभा चुनाव में धौरहरा सीट से जीते थे। कुछ दिनों पूर्व ही वह भाजपा से नाराज होकर सपा में चले गए थे। उनकी वहां पर कोई दाल नहीं गली। उन्होंने पुनः भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राजनीतिक पर्यटन करने के लिए कुछ दिन के लिए गया था। आज पुनः अपने घर वापस आ गया हूं। उन्होंने कहा कि वह कुछ लोगों के षड्यंत्र का शिकार हो गए थे। उनसे गलती हुई कि वह भाजपा छोड़कर चले गए थे। भाजपा उनका परिवार है। वह भाजपा में ही रहकर काम करेंगे। वह जिस सीट से विधायक थे, वहां पर भाजपा टिकट घोषित कर चुकी है।
शिवकुमार बेरिया ने कहा कि सपा में पुराने कार्यकर्ताओं का कोई सम्मान नहीं रहा। मुलायम सिंह यादव की निष्क्रियता के बाद वहां किसी भी पुराने कार्यकर्ता का सम्मान नहीं है। पूरी पार्टी अखिलेश यादव तक सिमट कर रह गई है। भाजपा में हम टिकट पाने के लिए नहीं आए हैं। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार ने अपराधियों और माफिया पर जिस प्रकार से प्रहार किया है, उससे प्रदेश की जनता के बीच शांति का माहौल है। लोग फिर से भाजपा की सरकार बनाना चाहते हैं। हम यहां पर रहकर भाजपा के लिए काम करेंगे। प्रदेश की सेवा करेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *