उप्र : उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने विपक्ष को बताया नागनाथ और नेवलानाथ

0

बरेली,30 जनवरी (हि.स.)। जनपद में दूसरे चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। पहले गृहमंत्री अमित शाह ने बरेली में रोड शो किया था। इससे एक दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने डोर टू डोर जनसंपर्क किया और रविवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रेसवार्ता कर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही साथ विपक्षी दल सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। जयंत और अखिलेश की दोस्ती पर कहा कि ये दोस्ती 10 मार्च के बाद कहीं दुश्मनी में ना बदल जाए।
सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय पर प्रेसवार्ता में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। दरअसल अखिलेश यादव ने आज एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा है कि भाजपा ने अब तक 99 अपराधियों को टिकट दिया है। शतक से केवल एक नम्बर भाजपा दूर है। जिस पर केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि अखिलेश यादव बहुत बौखलाए और घबराए हुए हैं। उनको मालूम है कि चुनाव के अंदर जो सपने देख रहे थे, वह चकनाचूर हो गए हैं और उनके इस प्रकार के बयान को और जनता की समझ को यह जो ट्वीट है, वह अपने आप को चुनौती देने वाला है। जनता जानती है अपराधियों के गिरोह, दंगाइयों के गिरोह, हत्यारों के गिरोह, भ्रष्टाचारियों के गिरोह के सिवा समाजवादी पार्टी पास कुछ बचा ही नहीं है। उनकी सूची देख कर स्पष्ट लगता है कि गुंडई के बल पर वह वोट लेना चाहते हैं। लेकिन जनता ने समाजवादी पार्टी की साइकिल पंक्चर कर दी। उनके गठबंधन के लोगों को जनता ने नकार दिया है। बहुजन समाज पार्टी का कहीं कोई अता-पता नहीं है, लोग समझते हैं कि वोट बर्बाद नहीं करना है। कमल का फूल ही खुशहाली का प्रतीक है । गरीबी से मुक्ति का प्रतीक है।
गांधी जी की पुण्यतिथि पर राहुल गांधी ने अपने एक बयान में कहा है कि हिन्दुत्ववादी ने गांधी जी को गोली मारी थी, इस सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी की विदेश से आ गए क्या मुझे पता नहीं है। राहुल गांधी और अखिलेश यादव का आपस में इंटरनल रिश्ता है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के पास फोटो खिंचाने वालों के सिवा कुछ नहीं बचा है।
उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सांपनाथ, नागनाथ, नेवला नाथ 2019 में सब एक हो गए। सपा, बसपा और कांग्रेस तो भी भाजपा को नहीं रोक पाए। ये सब चुनावी बरसाती लोग हैं। पेगासस डील मामले में केशव ने कहा कि देश की सर्वोच्च अदालत में मामला चल रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *