यमुनानगर : अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की
यमुनानगर, 30 जनवरी (हि.स.)। शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर की मौजूदगी में उनके जगाधरी स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गांव चाहडो से अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं ने बड़ी संख्या में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने भाजपा में शामिल होने वाले युवाओं को फूलों की माला व पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले युवाओं को पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। वह सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के सिद्धांत पर चलते हुए पूरे जगाधरी विधानसभा क्षेत्र में एक समान विकास कार्य करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कोई भी कार्यकर्ता मेहनत करके किसी भी उच्च पद तक पहुंच सकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसके साक्षात उदाहरण हैं। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र की सेवा करने वाली पार्टी है। भाजपा में हर जाति, हर वर्ग का पूरा सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।
