जनता से किए हर वादे को पूरा कर रहे हैं मुख्यमंत्री मनोहर लाल : नयनपाल रावत

0

– युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर दुधौला गांव के लोगों ने सौंपा विधायक को ज्ञापन
फरीदाबाद, 30 जनवरी (हि.स.)। दुधौला गांव के अनेकों ग्रामीणों ने रविवार को हरियाणा भंडारण निगम के चेयरमैन एवं विधायक नयनपाल रावत से मुलाकात की। ग्रामीणों ने रोजगार दिए जाने का वादा पूरा नहीं होने के चलते उन्हें मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
गांव चंदावली स्थित कार्यालय पर पहुंचे ग्रामीणों ने विधायक नयनपाल रावत को बताया कि देश की पहली स्किल यूनिवर्सिटी बनने के लिए गावं दुधौला की पंचायत ने लगभग 90 एकड़ जमीन निशुल्क सरकार को दी थी और उस समय सरकार ने ग्रामीणों से उनके बच्चों को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन अभी तक एक भी नौकरी ग्रामीणों को नहीं मिली है।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले उनके बच्चे पंचायत की जमीन को पट्टे पर लेकर खेती-बाड़ी करते थे और घर का पालन पोषण हो जाता था, लेकिन अब जमीन भी यूनिवर्सिटी को दे दी है तो उनके लिए रोजगार का संकट पैदा हो गया है। सरकार ने उनसे रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन अभी तक एक भी बच्चा उनका नहीं लगा है। ग्रामीणों ने मांग रखी कि उनके बच्चों को सी और डी ग्रुप की नौकरियां दी जाएं, ताकि उन्हें रोजगार मिल सके। साथ ही यूनिवर्सिटी में युवाओं को दाखिले में 30 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए। इसके अलावा यूनिवर्सिटी के विभिन्न कोर्साें में 20 प्रतिशत सीटें गांव के बच्चों के लिए आरक्षित की जाए, यूनिवर्सिटी का मेन दरवाजा दुधौला की तरफ ही होना चाहिए तथा मंदिर शीघ्र बनवाया जाए, खेड़ा देवत मंदिर के लिए 1.5 एकड़ जमीन व अलग से रास्ता व दरवाजा हो।
विधायक रावत ने ग्रामीणों की बात को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कहा कि प्रदेश की मनोहर सरकार जनता से किए हर वादे को पूरा कर रही है, चाहे विकास की बात रही हो या फिर युवाओं को रोजगार देने की। यह ऐसी पहली सरकार है, जिसमें पर्ची-खर्ची की प्रथा को समाप्त करके योग्यता के आधार पर रोजगार मिलते हैं। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए कहा कि वह उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा में पहले भी उनकी बात उठाई थी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल सभी का भला करते हैं उन्हें उम्मीद है कि जिस तरीके से सरकार ने ग्रामीणों से वादा किया था, जल्द ही उनके बच्चों को नौकरी मिलनी शुरू हो जाएंगी। उनकी बात को मुख्यमंत्री मनोहर लाल तक जरूर पहुंचाएंगे।
इस मौके पर सुनील खुटैला, गजराज खुटैला, सुखबीर, गंगाशास्त्री, अमरी चौधरी, सुखराम, दयाराम, जग्गू चौधरी, रणवीर चौधरी, दिगम्बर चौधरी, हरबंस पंडित, अरविंद सिंह, कुलदीप सिंह,बिजेंद्र डाक्टर, प्रवीन डागर, सतेंद्र सिंह, कृपाराम, सुभाष जैलदार सहित अनेकों ग्रामीण मौजूद थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *