राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बापू को श्रद्धा सुमन अर्पित किए

0

जयपुर, 30 जनवरी (हि.स.)। राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
कोविड प्रोटोकॉल के अनुरूप आइसोलेशन का पालन कर रहे राज्यपाल मिश्र ने अपने संदेश में कहा कि गांधीजी ने सत्य, अहिंसा, सद्भावना एवं सौहार्द के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया। उन्होंने बापू की पुण्यतिथि पर उनके दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया है।
इससे पहले रविवार प्रातः राजभवन प्रांगण में राज्यपाल के प्रमुख सचिव सुबीर कुमार ने बापू को नमन किया। इसके उपरांत उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दो मिनट का मौन रखकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सत्य एवं अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर नमन करते हुए ट्वीट किया कि बापू ने कहा था कि मेरा जीवन ही मेरा संदेश है। उनके संदेश में सत्य, अहिंसा, अपरिग्रह की भावनाएं छिपी हुई हैं। देश को एक एवं अखंड रखने के लिए आवश्यक है कि हम उनके जीवन दर्शन को आत्मसात करें और उनके बताए मार्ग पर चलें। बाद में मुख्यमंत्री गहलोत प्रदेश कांग्रेस कमेटी में बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की एवं सर्वधर्म प्रार्थना सभा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने शासन सचिवालय परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *