अप्रैल-मई में होंगे झारखंड में पंचायत चुनाव

0

रांची 28 जनवरी। झारखंड में पंचायत चुनाव लंबित है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत यहां कानून बनाकर कमेटी के माध्यम से पंचायती राज व्यवस्था चल रही है। सरकार अब राज्य में पंचायत चुनाव कराने का मन बना रही है। मार्च के अंत तक पंचायत चुनाव कराने की अधिसूचना जारी हो सकती है।वैसे राज्य निर्वाचन आयोग पहले से ही चुनाव कराने की तैयारी कर चुका है।

झारखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अवधि पिछले साल ही खत्म हो चुकी है। अवधि समाप्त होने के बाद अध्यादेश के माध्यम से कमेटी बनाकर पंचायती राज व्यवस्था को बनाए रखा गया।
उसके बाद विधानसभा के माध्यम से कानून बनाकर अनिश्चित काल के लिए पंचायती राज व्यवस्था को बनाए रखने का प्रयास किया गया है। झारखंड में अगले महीने से विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है। विभागीय सूत्र बताते हैं कि 1 माह तक चलने वाले बजट सत्र के समाप्त होते ही पंचायत चुनाव कराने की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
झारखंड में प्रमुख विपक्षी दल भाजपा लगातार राज्य सरकार पर पंचायत चुनाव डालने का आरोप लगा रही है। लेकिन सरकार कोरोना महामारी का तर्क देकर इसे अभी तक नहीं करा पाई है। जबकि पड़ोसी राज्य बिहार में ऐसी ही परिस्थितियों में पंचायत के चुनाव हो चुके हैं। कई राज्यों में भी विधानसभा के चुनाव हुए हैं और हो रहे हैं।

सीमा सिन्हा, ब्यूरो प्रमुख। खबर वर्ल्ड


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *