गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों ने किया झंडोत्तोलन

0

गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी रांची में विभिन्न पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यालय में झंडोत्तोलन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बुधवार को कांग्रेस भवन में गणतंत्र दिवस के अवसर पर झंडोत्तोलन किया। इस दौरान सबसे पहले सेवादल की प्रदेश मुख्य संगठक नेली नाथन द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को गॉर्ड ऑफ ऑनर पेश किया गया। इसके बाद झंडोत्तेलन किया गया एवं राष्ट्र गान गाया गया।

मौके पर राजेश ठाकुर ने कहा कि समस्त देशवासियों को 73वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आज के दिन आईये हमसब मिलकर देश की एकता, अखण्डता एवं संप्रभुता को बनाये रखने तथा हमारे संविधान में निहित लोकतांत्रिक परम्पराओं एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करते हुए राज्य और राष्ट्र की प्रगति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने 26 जनवरी 1950 को हमलोगों को संविधान दिया। हमारे देश में समानता, समाजवाद, धर्मनिपेक्षता के लिए संविधान का निर्माण किया गया और संविधान की रक्षा करना हमारा प्रथम कर्तव्य है। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। हमारा संविधान प्रत्येक भारतवासी को एक-समान अधिकार प्रदान भी करता है, लेकिन आज हमारे संविधान पर लगातार हमला किया जा रहा है, उसे कमजोर बनाने की कोशिश की जा रही है। हमें संविधान की रक्षा एवं लोकतंत्र को मजबूत बनाने का आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ तिरंगा झण्डा नहीं है बल्कि हमारी संविधान का रक्षक का प्रतीक है। आजादी का प्रतीक है, हमारी वाणी का प्रतीक है, हमारी धार्मिक स्वतंत्रता का प्रतीक है। इस झण्डा के आन-बान और शान को हम कभी झुकने नहीं देंगे। मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष बन्धु तिर्की, केशव महतो कमलेश, मानस सिन्हा, राजीव रंजन प्रसाद, राकेश सिन्हा आदि उपस्थित थे।

वहीं दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने पार्टी कार्यालय में झंडोत्तोलन किया। इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी उपस्थित थे। इसके अलावा जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने झंडोत्तोलन किया। इस अवसर पर संजय सहाय, सागर कुमार, जफर कमाल आदि मौजूद थे। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश कार्यालय में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह ने झंडोत्तोलन किया। वहीं दूसरी ओर रिम्स अस्पताल परिसर में रिम्स के निदेशक डॉ कामेश्वर प्रसाद ने झंडोत्तोलन किया। इसके अलावा कई पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों द्वारा उनके कार्यालय में झंडोत्तोलन किया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *