राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उपायुक्त ने दिलाई मतदान की शपथ
धर्मशाला, 25 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने मतदाताओं को मतदान किए जाने के लिए शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 25 जनवरी का दिन प्रत्येक वर्ष मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक व्यक्ति को मतदान का अधिकार प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि मतदान हमेशा निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी अन्य प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मतदान करना चाहिए। डॉ. जिंदल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर नये पंजीकृत मतदाताओं के लिये ई-मतदाता पहचान पत्र की सुविधा भी आरंभ की गई है। इसके द्वारा नये मतदाता कम्पयूटर या मोबाईल से व वोटर हेल्पलाईन पर जाकर अपना ई-मतदाता पहचान पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
