भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शुक्रवार को कुशीनगर के दौरे पर

0

-देवरिया-कुशीनगर जिले की 14 विधानसभा सीटों की करेंगे समीक्षा

कुशीनगर, 30 दिसंबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल सन्तोष शुक्रवार को कुशीनगर और देवरिया जिले की 14 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति की समीक्षा करेंगे। महामंत्री सन्तोष यहां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दिल्ली की नियमित फ्लाइट से आएंगे। एयरपोर्ट पर औपचारिक स्वागत के बाद बैठक के लिए प्रस्थान करेंगे। बैठक कुशीनगर के एक होटल में होगी।

जिलाध्यक्ष प्रेमचन्द्र मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को देवरिया और कुशीनगर जिले की सांगठनिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई है। इसमें राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष उपस्थित रहेंगे। वे दिल्ली से नियमित उड़ान से यहां आएंगे।

विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, जनविश्वास यात्रा की समाप्ति के बाद समीक्षा के लिए यह बैठक पहले से ही तय है। जिले, प्रान्त व विभाग स्तर पर समीक्षा के लिए शीर्ष पदाधिकारी नियुक्त किये गए हैं। सूत्र इस बैठक के कई मायने भी बता रहे हैं। राष्ट्रीय महामंत्री एक तरफ चुनाव में पदाधिकारियों को संगठन कार्यों को त्वरित गति प्रदान कर विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को अपने पाले में कर प्रत्येक सीट पर जीत पक्की किए जाने के मंत्र देंगे। दूसरी तरफ किस दावेदार को टिकट दिए जाने से जीत सुनिश्चित होगी, इस पर भी फिड बैक लेंगे। जनता में टिकट के दावेदार की स्वीकार्यता, पैठ, छवि, सर्वे रिपोर्ट और जन विश्वास यात्रा में प्रदर्शन आदि मायने रखेगा। राष्ट्रीय नेता सभी सीटों पर विपक्ष की स्थिति भी जानेंगे। 2017 के चुनाव में कुशीनगर जिले की फाजिलनगर, पड़रौना, खड्डा, कुशीनगर, हाटा की सीट पर भाजपा के विधायक हैं। जबकि सेवरही में कांग्रेस और रामकोला में भासपा के विधायक हैं। देवरिया जिले की देवरिया सदर, पथरदेवा, रुद्रपुर, सलेमपुर, बरहज, रामपुर कारखाना की सीट पर भाजपा का कब्जा है। भाटपाररानी सीट सपा के कब्जे में है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *